गुरुग्राम: विदेश में नौकरी का झांसा देकर लाखों की ठगी, एक गिरफ्तार

 


गुरुग्राम, 23 सितंबर (हि.स.)। विदेश में वर्क वीजा पर नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं से 12 लाख रुपये ठग लिए गए। ठगी के गिरोह के मुख्य आरोपी को गुरुग्राम पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बुधवार को बताया कि आरोपी ने रजिस्टर्ड फर्म का झांसा देकर यह ठगी की।

जानकारी के अनुसार 11 सितंबर 2025 को थाना शहर गुरुग्राम में एक युवक ने शिकायत दी थी कि टिंकू नाम के व्यक्ति ने बताया कि उसकी गुरुग्राम में एल.के. इन्टरप्राइजिज नाम से सरकार द्वारा रजिस्टर्ड फर्म है। उसने शिकायतकर्ता और उसके साथी को रूस में वर्क वीजा पर नौकरी दिलाने के नाम पर 12 लाख रुपये खर्चा बताया। पीडि़तों ने विश्वास करके बैंक खातों और नकद के माध्यम से लाखों रुपये दे दिए। आरोपी ने वर्क वीजा के बजाय उन्हें टूरिस्ट वीजा पर रूस भेज दिया, जहां एयरपोर्ट से ही उन्हें डिपोर्ट कर वापस भेज दिया गया।

जब पीडि़तों ने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने उन्हें टरकाने के लिए वर्क वीजा पर थाईलैंड और मलेशिया भेज दिया। आरोप है कि मलेशिया में आरोपी के अन्य एजेंटों ने उनके पासपोर्ट छीन लिए, बंधक बनाया और मारपीट की। किसी तरह पैसे मंगवाकर वे भारत लौटे और जब दोबारा पैसे मांगे तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। शिकायत पर थाना शहर में संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया। थाना शहर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को 22 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान टिंकू बैसवाल (33 वर्ष) निवासी गांव भैंसवाल जिला सोनीपत के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी अपनी फर्म के नाम पर विदेश भेजने का झांसा देकर भारी रकम ऐंठता था। वर्क वीजा के नाम पर पैसे लेकर टूरिस्ट वीजा देता था और फिर अपने विदेशी/स्थानीय एजेंटों के साथ मिलकर युवकों को दूसरे देशों में घुमाता था। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य विदेशी और स्थानीय एजेंटों, वित्तीय लेन-देन और फर्जी दस्तावेजों की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर