गुरुग्राम: तीन माह पहले बेंगलुरु से गुरुग्राम शिफ्ट हुए दंपत्ति फ्लैट में मृत मिले

 


-कंपनी को ईमेल व सुसाइड नोट में लिखा-हम यह दुनिया छोड़ रहे हैं

-करीब तीन महीने पहले ही बेंगलुरु से गुरुग्राम शिफ्ट हुए थे

-परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

गुरुग्राम, 17 अक्टूबर (हि.स.)। शहर की एम3एम मैरिना सोसाइटी में पति-पत्नी की संदिग्ध मौत के मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। मौत से पहले 30 वर्षीय मोहम्मद असलम ने अपनी कंपनी को ईमेल भेजा था, जिसमें लिखा था-हम यह दुनिया छोड़ रहे हैं। घर से मिले एक नोट में भी यही बात लिखी थी। पुलिस इसे अहम सुराग मानकर जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार बुधवार को असलम और उनकी पत्नी फरहाना के शव उनके फ्लैट में मिले थे। उसी दिन फरहाना का जन्मदिन था। असलम के सहकर्मियों ने जब उन्हें संपर्क नहीं कर पाया तो मकान मालिक को सूचना दी। मकान मालिक फ्लैट पर पहुंचा तो दरवाजा खुला मिला। पुलिस के मुताबिक असलम का शव फंदे से लटका मिला, जबकि फरहाना फर्श पर मृत पड़ी थीं। फरहाना के गले पर चोट के निशान मिले हैं। उनके कपड़ों पर हाथ से लिखा आई लव यू भी मिला है। पुलिस ने मौके से तीन लैपटॉप, दो मोबाइल फोन, एक रस्सी, डायरी, कैंची और पेन ड्राइव जब्त की है। सभी को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है।

शुरुआती जांच में आशंका है कि असलम ने पहले पत्नी फरहाना की हत्या की और फिर आत्महत्या कर ली। पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है।

परिजनों के मुताबिक दोनों के बीच संबंध अच्छे थे। वैवाहिक जीवन में किसी विवाद की जानकारी नहीं है। परिवार ने बताया कि असलम करीब डेढ़ साल से डिप्रेशन का इलाज करा रहे थे। रिश्तेदारों ने काम के अत्यधिक दबाव की आशंका भी जताई है। बता दें कि मोहम्मद असलम नेे एनआईटी कालीकट और आईआईएम इंदौर से पढ़ाई की थी। फरहाना भी एक आईटी कंपनी में काम करती थीं और वर्क फ्रॉम होम कर रही थीं। दोनों मूल रूप से केरल के रहने वाले थे और करीब तीन महीने पहले ही बेंगलुरु से गुरुग्राम शिफ्ट हुए थे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर