गुरुग्राम में 1278 होटल, पीजी व रेस्टोरेंट्स में फायर सेफ्टी नहीं
-फायर विभाग ने 993 को भेजा नोटिस, 1278 की हुई पहचान
गुरुग्राम, 17 अक्टूबर (हि.स.)। शहर के होटल, पीजी व रेस्तराओं में फायर सेफ्टी को हेकर फायर विभाग ने सख्ती अपनाते हुए 1278 होटल, पीजी व रेस्तराओं को नोटिस देने की तैयारी कर रहा है। विभाग की ओर से किए गए सर्वे के दौरान इन भवनों में अग्नि सुरक्षा से जुड़े इंतजामों में कमियां सामने आई। विभाग अब तक 993 नोटिस जारी कर चुका है। नोटिस के बाद भी सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वालों को रिमाइंडर भेजे जा रहे हैं।
गुरुग्राम में तेजी से बढ़ती व्यावसायिक गतिविधियों के बीच पुरानी और अनधिकृत इमारतों में होटल, पीजी और रेस्टोरेंट चलना अग्नि सुरक्षा के लिहाज से बड़ी चिंता बन गया है। ऐसी इमारतों में आग लगने की स्थिति में लोगों की जान पर खतरा पैदा हो सकता है। इसी आशंका को देखते हुए फायर विभाग ने शहर के सातों फायर स्टेशनों के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में सर्वे कराया। जांच में कहीं आग बुझाने के उपकरण नहीं मिले तो कहीं जरूरी सुरक्षा व्यवस्था नदारद मिली। फायर अधिकारी नरेंद्र यादव ने बताया कि विभाग पहले नोटिस, फिर दूसरा नोटिस और अब तीसरा नोटिस जारी करने की प्रक्रिया अपना रहा है। जिन भवन मालिकों ने नोटिस मिलने के बाद भी जरूरी इंतजाम नहीं किए, उन्हें रिमाइंडर भेजे जा रहे हैं। विभाग अब ऐसे मामलों में कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।
उन्होंने बताया कि कुुछ इमारतों में फायर सेफ्टी सिस्टम लगाए गए हैं, लेकिन नक्शा पास नहीं होने या अन्य खामियों के कारण उन्हें फायर एनओसी नहीं मिल पा रही है। ऐसी स्थिति में नगर निगम से आवश्यक मंजूरी मिलना जरूरी है। यानी केवल अग्नि सुरक्षा उपकरण लगा लेना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि भवन से संबंधित जरूरी नियमों और मंजूरियों का पालन भी करना होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर