update- गुरुग्राम: कोर्ट परिसर के रिकॉर्ड रूम में आग से इमारत का एक हिस्सा ढहा

 




आग बुझाने के लिए फायर बिग्रेड की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंची

गुरुग्राम, 24 मई (हि.स.)। लोअर कोर्ट के रिकॉर्ड रूम में रविवार दोपहर अचानक आग लग गई और बिल्डिंग का एक हिस्सा ढह गया। धुआं और आग की लपटे उठती देख आसपास मौजूद लोगों और वकीलों ने तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू कर दिया। रविवार होने के कारण कोर्ट परिसर में अवकाश था और अधिकांश स्टाफ मौजूद नहीं था।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रिकॉर्ड रूम में रखे रिकार्ड की जलने की जानकारी भी सामने आई। हालांकि कितना रिकॉर्ड पूरी तरह जल चुका है और कितना सुरक्षित बचाया गया है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर के समय रिकॉर्ड रूम से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया। वहां से गुजर रहे कुछ वकीलों ने तुरंत चौकीदार और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। इसके बाद दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास तेज कर दिया। काफी देर की मशक्कत के बाद आग को फैलने से रोक लिया गया, लेकिन बिल्डिंग का एक हिस्सा भरभरा कर गिर गया।

फायर ब्रिगेड अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट आग लगने की संभावित वजह मानी जा रही है, लेकिन वास्तविक कारणों का खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा। आग पूरी तरह बुझने के बाद रिकॉर्ड रूम में सर्च अभियान चलाया जाएगा जिससे नुकसान का सही आकलन किया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर