गुरुग्राम के खेड़की दौला में वेयरहाउस में लगी भीषण आग
गुरुग्राम, 21 अप्रैल (हि.स.)। यहां खेडक़ी दौला टोल के पास एक वेयरहाउस में मंगलवार की देर शाम भीषण आग लग गई। कई किलोमीटर दूर तक धुआं ही धुआं नजर आया। सूचना मिलने पर जिला के सभी फायर स्टेशनों की गाडिय़ां लेकर कर्मचारी मौके पर पहुंचे। निजी संस्थानों की गाड़ियां भी बुलाई है। समाचार लिखे जाने तक आग बुझाने का काम अंतिम चरण में था।
जानकारी के अनुसार खेड़कीदौला टोल के पास खेड़की गांव की तरफ जाने वाले रोड के नजदीक आईडिया क्राफ्ट वेंचर प्राइवेट लिमिटेड का गोदाम है। इस गोदाम में मंगलवार की देर शाम आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और दूर-दूर तक आग की लपटें देखी गई। आग बुझाने के लिए सेक्टर-37, भीमनगर, सोहना, पटौदी, सेक्टर-29 समेत सभी फायर स्टेशनों की गाड़ियां मौके पर हैं। हल्दीराम के दमकल केंद्र की गाड़ियों को भी बुलाना पड़ा। ढाई घंटे बाद भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका और रात साढ़े आठ बजे कर्मचारी आग पर काबू पाने के लिए मशक्कत कर रहे थे।
एफएसओ नरेंद्र ने बताया कि आग वैसे नियंत्रण में है, लेकिन रबड़ व प्लास्टिक के सामान में आग लगने के कारण भीषण है। जिस पर काबू पाने के लिए अभी और समय लगेगा। गनीमत है कि आग से कोई हताहत नहीं हुआ है। आग लगने की वजह का भी फिलहाल पता नहीं चल सका है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर