गुरुग्राम-सोहना रोड पर चलती गाड़ी में लगी आग
गाड़ी से धुआं निकलता देख गाड़ी मालिक ने सूझबूझ से तुरंत गाड़ी रोकी
गुरुग्राम, 16 मार्च (हि.स.)। यहां सोहना रोड स्थित घामड़ोज टोल के पास एक चलती कार में अचानकआग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। गाड़ी से धुआं निकलने का पता लगते ही मालिक ने गाड़ी को तुरंत रोक दिया और नीचे उतर गए। इसके बाद तुरंत ही गाड़ी आग की लपटों में घिर गई। सूचना पाकर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाई।
जानकारी के अनुसार सोमवार को शोभित खन्ना कार में सवार होकर सोहना से गुरुग्राम आ रहे थे। जैसे ही वे घामड़ोज टोल के पास पहुंचे तो गाड़ी से धुआं निकलने का उन्हें पता चला और गाड़ी को रोक दिया। इसी बीच गाड़ी में आग भभक गई और गाड़ी आग की लपटों से घिर गई। इस दौरान वहां से गुजरने वाले वाहनों का भी जाम लग गया। आग की लपटें काफी ऊंची उठ रही थी और लोग सहमे हुए थे। घटना की सूचना पाकर दमकल विभाग से कर्मचारी गाडिय़ां लेकर पहुंचे और आग बुझानी शुरू की। कुछ देर में आग पर काबू पा लिया गया, तब तक गाड़ी पूरी तरह से जल चुकी थी।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर