गुरुग्राम: मकान में लगी आग, बच्चों ने भागकर बचाई जान
-बच्चों के माता-पिता नौकरी करने गए हुए थे
गुरुग्राम, 17 नवंबर (हि.स.)। यहां एक मकान में भीषण आग लगने से इलाके में भारी अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी विकराल थी कि कुछ ही पलों में पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में घर में रखा लाखों रुपये का कीमती सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया। गनीमत रही कि घटना के समय घर में मौजूद दोनों बच्चों ने समय रहते बाहर भागकर अपनी जान बचा ली, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। बताया जा रहा है कि आग से गैस सिलेंडर में भी आग लग गई।
पीडि़त मकान मालिक दया शंकर ने बताया कि वह एयरटेल कंपनी में कार्यरत हैं, जबकि उनकी पत्नी भी एक अन्य कंपनी में नौकरी करती हैं। रोजाना की तरह सुबह करीब नौ बजे दोनों पति-पत्नी अपनी-अपनी ड्यूटी के लिए घर से निकल गए थे। धूमसपुर क्षेत्र स्थित उनके मकान में उनके दो मासूम बच्चे अकेले थे, जो मुख्य गेट के पास खेल रहे थे। इसी दौरान घर के अंदर अचानक धुआं और आग की लपटें निकलती दिखाई दी। देखते ही देखते चिंगारी ने भीषण आग का रूप ले लिया। घर के अंदर से धुआं और आग की लपटें निकलती देख गेट के पास खेल रहे दोनों बच्चे सहम गए, लेकिन उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत घर से बाहर की ओर दौड़ लगा दी और सुरक्षित बाहर निकल आए। बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के पड़ोसी मौके पर जमा हो गए। आग की विकरालता को देखते हुए पूरी कॉलोनी में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर पानी और मिट्टी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई।
स्थानीय निवासियों ने तुरंत इस घटना की सूचना दमकल विभाग और पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाडय़िां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभाला और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया। दमकल कर्मियों की तत्परता के कारण आग आसपास के सटे हुए अन्य मकानों तक नहीं फैल सकी, अन्यथा कॉलोनी में और भी बड़ा नुकसान हो सकता था। आग बुझने के बाद जब घर का मंजर देखा गया तो अंदर सब कुछ जलकर राख हो चुका था। मकान मालिक दया शंकर के अनुसार इस आगजनी में घर का फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, कपड़े, नकदी और अन्य जरूरी दस्तावेज पूरी तरह नष्ट हो गए हैं, जिससे उन्हें लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर