गुरुग्राम: वैल्डिंग की चिंगारी ने फूंक दिए फर्नीचर के चार गोदाम

 


साथ में बने तेल एवं सीएनजी पंप को भी करवाना पड़ा बंद

दमकल विभाग की सात गाडिय़ों ने आग पर काबू पाया

लकड़ी का सामान ज्यादा होने से आग तेजी से फैली

गुरुग्राम, 06 अप्रैल (हि.स.)। यहां सेक्टर-89 में एक फर्नीचर के गोदाम में आग से लाखों का नुकसान हो गया। आग ज्यादा फैलने के कारण साथ में बने तेल पंप को भी बंद करना पड़ा। बताया जा रहा है कि यह आग वेल्डिंग की चिंगारी से लगी थी। दमकल विभाग की सात गाडिय़ों से आग पर काबू पाया गया।

जानकारी के अनुसार सेक्टर-89 में चार फर्नीचर के गोदाम थे। इन गोदामों में नया व पुराना फर्नीचर रखा हुआ था। गोदामों को उत्तर प्रदेश निवासी जैद खान, जावेद, नौशाद, शाद, जाहिर, जुबेर, असगर खान व शमशेर खान चलाते हैं। सोमवार को यहां अचानक धुआं उठता नजर आया। कुछ ही देर में वहां पर आग तेजी से फैल गई। एक के बाद एक चारों गोदाम आग की चपेट में आ गए। आग की सूचना पर दमकल विभाग से गाडिय़ां लेकर कर्मचारी पहुंचे और आग बुझानी शुरू की। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच चुकी थी। कई किलोमीटर दूर से ही इन गोदामों में लगी आग व काला धुआं नजर आ रहा था। इस दौरान सडक़ पर जाम भी लग गया। ऐहतियात के तौर पर वाहनों को आगे नहीं जाने दिया गया। बता दें कि इन गोदामों के पास ही नायरा कंपनी का तेल एवं सीएनजी पंप भी है। कहीं आग भडक़कर पंप तक ना पहुंच जाए, इस ऐहतियात से पंप को भी बंद करवा दिया गया। कड़ी मशक्कत से दमकल विभाग की टीमों ने आग पर काबू पाया। आग के कारणों की जांच के बाद फायर ब्रिगेड अधिकारी विपिन ने जानकारी दी कि फर्नीचर गोदाम में वेल्डिंग की चिंगारी से यह आग लगी है। बताया जा रहा है कि वहां पर वैल्डिंग का काम भी किया जा रहा था। इस दौरान चिंगारी किसी सामान पर गिरी और आग का गोला बनकर भडक़ी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर