गुरुग्राम: अनंतराज सोसाइटी में आग के बाद हंगामा, बिल्डर पर बिफरे लोग
-फायर सेफ्टी सिस्टम फेल होने के लगाए आरोप, 500 परिवारों में भय
गुरुग्राम, 25 अप्रैल (हि.स.)। यहां सेक्टर-63ए स्थित अनंतराज एस्टेट सोसाइटी में हाल ही में हुए भीषण अग्निकांड के बाद लोगों में रोष व्याप्त है। शनिवार को सोसाइटी के सेंकड़ों रेजिडेंट्स ने बिल्डर और मेंटेनेंस कंपनी के खिलाफ प्रदर्शन किया। हाथों में जले हुए फ्लैटों की तस्वीरें लेकर लोगों ने नारेबाजी की और लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए। कहा कि यहां 500 परिवार भय के माहौल में रह रहे हैं। यहां के फायर सेफ्टी सिस्टम फेल हो चुके हैं।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि करोड़ों रुपये खर्च कर आलीशान फ्लैट खरीदने के बावजूद वे आज डर के साए में रह रहे हैं। बिल्डर ने अधूरी सुविधाएं देकर उनके साथ धोखा किया है। रेजिडेंट्स ने मांग की है कि प्रभावित परिवारों को तुरंत नया फ्लैट और उचित मुआवजा दिया जाए। सोसायटी निवासी पीडि़त अंकित सेठी ने बताया कि खराब बिजली फिटिंग के कारण शॉर्ट सर्किट से आग लगी। हादसे के वक्त उनके परिवार के कई सदस्य, जिनमें सात माह की गर्भवती महिला, बुजुर्ग मां और छोटे बच्चे शामिल थे जो फ्लैट में फंसे गए थे। उन्होंने कहा कि मौके पर लगे फायर हाइड्रेंट और अन्य अग्निशमन उपकरण पूरी तरह फेल साबित हुए। रेजिडेंट वैशाली ने बताया कि उन्होंने अपनी जीवनभर की कमाई से घर खरीदा था, लेकिन हादसे में सब कुछ जलकर राख हो गया और अब उन्हें पड़ोसियों के घर शरण लेनी पड़ रही है। रेजिडेंट गोपाल ने बताया कि जब आग बेकाबू हुई तो फायर ब्रिगेड को बुलाया गया, लेकिन दमकल की गाडिय़ों को फ्लैट तक पहुंचने में दिक्कत हुई। क्योंकि रास्ता सही तरीके से नहीं बनाया गया था। निवासियों ने आरोप लगाया कि बिल्डर ने निर्माण में नियमों की अनदेखी की है।
सोसाइटी के लोगों ने यह भी कहा किवे पहले भी कई बार मेंटेनेंस एजेंसी को फायर सेफ्टी और वायरिंग की समस्याओं को लेकर लिखित शिकायत दे चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पूरी सोसाइटी फायर बम बन चुकी है और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। रेजिडेंट्स ने प्रभावित परिवारों को नया फ्लैट, आर्थिक नुकसान की पूरी भरपाई, फायर सेफ्टी और इलेक्ट्रिकल सिस्टम का निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने लापरवाही बरतने वालों पर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पीडि़त परिवारों ने पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज करा दी है और मामले की जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर