गुरुग्राम विस से निर्दलीय प्रत्याशी रहे नवीन गोयल समेत तीन पर केस दर्ज

 

-शिकायत में मारपीट का लगाया गया आरोप, नवीन गोयल बोले बदनाम करने की साजिश

गुरुग्राम, 28 मई (हि.स.)। गुरुग्राम विधानसभा से भाजपा की टिकट नहीं मिलने पर निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लडऩे वाले नवीन गोयल समेत तीन लोगों पर मारपीट की धाराओं में सेक्टर-10 पुलिस थाना में केस दर्ज किया गया है। नवीन गोयल ने इसे अपने खिलाफ साजिश बताया है। सेक्टर-10 पुलिस थाना प्रभारी निरीक्षक दिलबाग सिंह के मुताबिक शिकायत में नामजद आरोपी जांच में शामिल हुए हैं। जांच में पता चला है कि जिस दिन की यह घटना है, उस दिन वे शहर में ही नहीं थे।

जानकारी के अनुसार सेक्टर-14 निवासी भाजपा नेता प्रवीण अग्रवाल ने भाजपा के पूर्व प्रदेश स्तर के नेता एवं कारोबारी नवीन गोयल समेत तीन लोगों के खिलाफ सेक्टर-10 पुलिस थाना में शिकायत दी। शिकायत में कहा गया कि वह गाड़ौली खुर्द गांव में पीआरके स्कैफोल्डिंग नाम से कारोबार करते हैं। 20 अप्रैल को शाम साढ़े छह बजे से सात बजे के बीच पटौदी रोड पर शंकर मूर्ति के पास उन पर हमला किया गया। उस समय वह अपनी फैक्ट्री से घर जा रहे थे। प्रवीण अग्रवाल के मुताबिक एक अनजान बाइक सवार ने जान-बूझकर उनकी कार को पीछे से टक्कर मारी। फिर उन्हें गालियां देने लगा। इसी बीच कई अनजान लोग वहां आ गए और उसे घेर लिया। उनमें से एक-दो के पास डंडे भी थे। प्रवीण के मुताबिक, उन सभी ने उसे बुरी तरह लात-घूंसे और डंडों से पीटना शुरू कर दिया। हमलावरों ने उन्हें धमकाते हुए कहा कि अपनी फैक्ट्री बंद करो और नवीन गोयल, दीपक गोयल व सतीश तायल से माफी मांग लो। नहीं तो तुम्हें पांच दिन के अंदर मार दिया जाएगा। शिकायतकर्ता प्रवीण अग्रवाल ने यह भी कहा है कि हमले के दौरान उनका मोबाइल फोन खराब हो गया था। उन्होंने कहा कि उन पर किया गया हमला उनके बिजनेस को बंद कराने की साजिश का हिस्सा था।

इस मामले में अपना पक्ष रखते हुए नवीन गोयल ने कहा कि इस मामले से उनका कोई लेना-देना नहीं है। यह उन्हें बदनाम करने की साजिश हो सकती है। सेक्टर-10 पुलिस थाना प्रभारी निरीक्षक दिलबाग सिंह ने बताया कि आरोपी जांच में शामिल हुए हैं। घटना के दिन वे गुरुग्राम में नहीं थे। हमलावरों की पहचान की जा रही है, ताकि उनकी गिरफ्तारी हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर