गुरुग्राम: त्योहारों पर यूपी, बिहार, बंगाल जाने वाली ट्रेनों में हो बढ़ोतरी: पंकज डावर
गुरुग्राम, 22 अक्टूबर (हि.स.)। कांग्रेस जिला अध्यक्ष (शहरी) गुडग़ांव पंकज डावर ने कहा कि त्योहारों पर अपने घर जाने के लिए यूपी, बिहार, बंगाल व अन्य राज्यों के लिए ट्रेनों में रिजर्वेशन नहीं मिल रहा है। इससे लोगों में रोष है। इन राज्यों के लिए ट्रेनों की संख्या बढ़ाकर यात्रियों को सरकार राहत दे, ताकि वे समय से अपने घर पहुंच सकें।
पकंज डावर ने गुरुवार को जारी बयान में कहा कि दिवाली और छठ पूजा पर अपने घर जाने के लिए लोगों को ट्रेनों में रिजर्वेशन नहीं मिल रहा है, जिससे हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि गुडग़ांव-मानेसर में लाखों की संख्या में यूपी, बिहार और बंगाल के लोग रहते हैं, जो यहां फैक्ट्रियों, कंपनियों और अन्य संस्थानों में काम करते हैं। हर साल दिवाली और छठ जैसे बड़े त्योहारों पर वे अपने परिवार के पास जाना चाहते हैं, लेकिन ट्रेनों में जगह न मिलने के कारण उनका घर जाना मुश्किल हो जाता है। उन्होंने कहा कि अभी हालत यह है कि सभी ट्रेनें फुल हैं, वेटिंग लिस्ट लंबी हो गई है। कांग्रेस नेता ने कहा कि त्योहार हर किसी के लिए खुशियां लेकर आते हैं, लेकिन ट्रेन न मिलने से लोगों की खुशियां अधूरी रह जाती हैं। सरकार का काम है कि हर नागरिक को त्योहार पर अपने घर तक पहुंचने की सुविधा दे।
इसके लिए स्पेशल ट्रेनें चलाई जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को चाहिए कि वह तुरंत रेल मंत्रालय को निर्देश देकर गुडग़ांव, दिल्ली, रेवाड़ी होते हुए यूपी, बिहार और बंगाल जाने वाली ट्रेनों की संख्या बढ़ाए। साथ ही छठ पूजा तक स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाए ताकि कोई भी व्यक्ति त्योहार पर अपने घर से दूर न रहे। पंकज डावर ने आरोप लगाया कि सरकार बुलेट ट्रेन और वंदे भारत के दावे तो करती है, लेकिन आम आदमी को त्योहार पर घर पहुंचाने के लिए सामान्य ट्रेन तक उपलब्ध नहीं करा पा रही। यह सरकार की नाकामी है। गरीब और प्रवासी मजदूरों की अनदेखी की जा रही है, जबकि यही लोग देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रवासी भाई-बहनों के साथ खड़ी है और उनकी मांग को सरकार तक पहुंचा रही है। अगर सरकार ने जल्द ट्रेनें नहीं बढ़ाईं तो कांग्रेस आंदोलन करने को मजबूर होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर