गुरुग्राम: फार्म हाउस में घुसकर 50-60 लोगों ने किया हमला, 13 गिरफ्तार
-गिरफ्तार आरोपियों से चोरी का सामान, ट्रैक्टर और कार बरामद
गुरुग्राम, 07 अगस्त (हि.स.)। जिला के गांव महेंदरवाड़ा स्थित एक फार्म हाउस पर 50-60 अज्ञात लोगों ने हथियारों और वाहनों के साथ हमला कर जबरन कब्जा, तोडफ़ोड़, मारपीट और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 13 आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। वारदात में गुरुग्राम के प्रॉपर्टी डीलर विपिन का नाम सामने आया है।
शिकायतकर्ता ने थाना भोंडसी में शिकायत देकर कहा कि पांच अगस्त 2026 की रात करीब साढ़े बजे ट्रकों, ट्रैक्टरों और एक कार में सवार होकर 50-60 लोग फार्म हाउस पहुंचे। आरोपियों ने जबरन गेट तोडक़र अंदर प्रवेश किया। वहां मौजूद केयर टेकर और उसके परिवार के साथ मारपीट की। जान से मारने की धमकी दी और महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करने का प्रयास किया। आरोपियों ने फार्म हाउस का नाम पट्ट, केयर टेकर का कमरा और सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए। इसके बाद फार्म हाउस में रखा सामान और कीमती वस्तुएं चोरी कर लीं। केयरटेकर के पालतू कुत्ते के साथ भी मारपीट कर उसे ट्रैक्टर में लादकर ले गए। वारदात के बाद सभी आरोपी फार्म हाउस पर अवैध कब्जा करके बैठ गए। थाना भोंडसी पुलिस ने शिकायत मिलते ही तुरंत टीम भेजी। पुलिस ने फार्म हाउस पर छापा मारकर अवैध कब्जा खाली कराया और वहां डटे हुए 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राकेश निवासी अंधवा पट्टी होडल पलवल, हर्ष कुमार निवासी लुलवाड़ी पलवल, प्रशांत निवासी भवाना पलवल, जितेन्द्र निवासी गोपाल बाग मथुरा, प्रदीप कुमार और संदीप निवासी दमदमा सोहना, ऋषिकेश उर्फ ऋषि निवासी मालड़ा सराय महेंद्रगढ़, सुनील, मोहित, बिरेन्द्र और विनित निवासी रिठौज भोंडसी, योगेश निवासी सेक्टर-23 फरीदाबाद, प्रमोद निवासी बहल्पा भोंडसी के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने यह वारदात गुरुग्राम में प्रॉपर्टी डीलर का काम करने वाले मुख्य आरोपी विपिन के कहने पर की। विपिन ने ही सभी को ट्रैक्टर, ट्रक और अन्य वाहनों के साथ फार्म हाउस भेजा था। पुलिस ने मुख्य आरोपी विपिन के देव नगर पार्ट-2 गुरुग्राम स्थित ऑफिस/मकान पर छापा मारकर फार्म हाउस से चोरी किया गया सामान बरामद किया। बरामद सामान में तीन पुराने ए.सी., एक फ्रिज, एक वॉशिंग मशीन, एक घास काटने की मशीन, कैंची सहित अन्य सामान शामिल हैं। साथ ही वारदात में प्रयोग की गई एक कार, एक ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक जनरेटर को भी जब्त किया गया। पुलिस ने सभी 13 आरोपियों को सात अगस्त को अदालत में पेश किया।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर