गुरुग्राम: सरपंच हत्याकांड में पैरोल पर आए पूर्व कमांडो की हत्या

 


-बेटी की शादी के लिए एक माह पहले पैरेाल पर आया था

-10 दिन पहले की थी बेटी की शादी

गुरुग्राम, 30 अप्रैल (हि.स.)। जिले के गांव कासन में सरपंच हत्याकांड में सजा काट रहे पूर्व एनएसजी कमांडो की गोली मारकर हत्या कर दी गई। एनएसजी कमांडो ने 10 दिन पहले ही बेटी की शादी की थी। वह एक माह पहले ही बेटी की शादी के लिए पैरोल पर आया था। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने गुरुवार को बताया कि आरोपी ने पांच राउंड फायर किए।

गुरुवार की सुबह एनएसजी का पूर्व कंमाडो सुंदर फौजी अपने घर पर कासन गांव में था। वह आठ साल पहले हुई सरपंच बहादुर की हत्या के मामले में अप्रैल 2018 से सजा काट रहा था। वह अपनी बेटी की शादी के लिए एक महीने पहले ही पैरोल पर आया था। 10 दिन पहले वह बेटी के हाथ पीले कर चुका था। प्राप्त जानकारी के अनुसार पैरोल पर आया सुंदर फौजी सुबह सैर करके घर लौटते समय चौहान बूट हाउस के बाहर बैठ गया, दो युवक वहां आए और पिस्तौल निकालकर उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग करनी शुरू कर दी। आरोपियों ने पांच राउंड फायर किए। सुंदर फौजी घायल होकर गिर गया। इस वारदात का वीडियो भी वायरल हुआ है। उसे गोली मारने के बाद आरोपी फरार हो गये। घटना की सूचना मिलते ही फौजी के परिजन भी मौके पर पहुंचे। पूर्व कमांडो को घायल अवस्था में अस्पताल भर्ती कवाया गया । डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हत्या की यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान सुंदर फौजी (55) निवासी गांव कासन मानेसर के रूप में की है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर