गुरुग्राम: ईवी सेक्टर में एमएसएमई के लिए नए अवसर खोलेगा विक्रेता विकास कार्यक्रम: दीपक मैनी
-पीएफटीआई प्रमुखता से निभा रहा सहयोगी की भूमिका
-उद्यमियों को कार्यक्रम में भाग लेने के लिए कर रहा जागरूक
गुरुग्राम, 31 अगस्त (हि.स.)। प्रोग्रेसिव फेडरेशन ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (पीएफटीआई) के चेयरमैन दीपक मैनी इलेक्ट्रिक वाहनों का बाजार तेजी से बढ़ रहा है। आने वाले समय में ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री में ईवी की भूमिका और भी महत्वपूर्ण होने वाली है। ऐसे में गुरुग्राम के एमएसएमई को ईवी सेक्टर से जोडऩे के लिए एक और दो सितंबर को आईकैट, आईएमटी मानेसर में आयोजित होने वाला विक्रेता विकास कार्यक्रम-सह-प्रदर्शनी बेहद महत्वपूर्ण है।
सोमवार को उन्होंने कहा कि प्रोग्रेसिव फेडरेशन ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री इस कार्यक्रम में सहयोगी की भूमिका निभा रहा है और फेडरेशन की ओर से स्थानीय उद्यमियों को इसमें अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने के लिए जागरुक किया जा रहा है। चेयरमैन दीपक मैनी ने कहा कि ईवी इंडस्ट्री केवल वाहनों तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे बैटरी, बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर, इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स और कई अन्य क्षेत्रों में एमएसएमई के लिए बड़े अवसर पैदा हो रहे हैं। गुरुग्राम और मानेसर पहले से ही ऑटोमोबाइल और ऑटो कंपोनेंट्स का बड़ा हब हैं। ऐसे में यहां के उद्योगों के लिए ईवी सेक्टर की सप्लाई चेन से जुडऩे की काफी संभावनाएं हैं।
दीपक मैनी ने कहा कि आने वाला समय इलेक्ट्रिक वाहनों का ही है। जो एमएसएमई अभी से इस बदलाव के साथ खुद को तैयार करेंगे, उनके लिए आने वाले वर्षों में कारोबार बढ़ाने के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने गुरुग्राम और आसपास के क्षेत्रों के एमएसएमई से अपील की कि वे इस कार्यक्रम में हिस्सा लेकर नई तकनीकों, बाजार की जरूरतों और बड़े उद्योगों की खरीद प्रक्रिया को समझें तथा अपने कारोबार के विस्तार की संभावनाएं तलाशें। फेडरेशन की ओर से उद्यमियों को कार्यक्रम की जानकारी सांझा कर अधिक से अधिक भागीदारी के लिए प्रेरित किया जा रहा है। कार्यक्रम में भागीदारी और पंजीकरण पूरी तरह नि:शुल्क है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर