गुरुग्राम की साफ्टवेयर इंजीनियर की मसूरी होमस्टे में संदिग्ध मौत
-इंजीनियर पति के साथ घूमने गई थी
गुरुग्राम, 16 जून (हि.स.)। गुरुग्राम की एक आईटी कंपनी में काम करने वाली साफ्टवेयर इंजीनियर की मसूरी में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। वह अपने इंजीनियर पति के साथ ऋषिकेश घूमने के बाद मसूरी पहुंची थीं। दोनों यहां एक होमस्टे में ठहरे हुए थे।
पति की सूचना पर पुलिस जब होमस्टे के कमरे में पहुंची तो राधा गायत्री फर्श पर मृत पड़ी थी। कमरे की बेडशीट पर खून के धब्बे फैले हुए थे और कमरे से शराब की बोतलें भी मिली हैं। पुलिस मृतका के पति से पूछताछ कर रही है और होमस्टे के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में पूर्वी दिल्ली के शकरपुर निवासी सौम्या श्रीचरण ने बताया कि उसकी शादी नवंबर 2025 में पी. राधा गायत्री के साथ हुई थी।
इंजीनियर सौम्या श्रीचरण पुणे में जॉब करता है। जबकि गायत्री शकरपुर में रहती है और गुरुग्राम में जॉब करती है। शादी के बाद वे पहली बार घूमने के लिए आए थे। दोनों 13 जून को दिल्ली से रीषिकेश पहुंचे थे और 14 जून की रात करीब 11:30 बजे मसूरी-धनोल्टी मार्ग स्थित होम स्टे में ठहरे थे। दोनों ने रात को साथ में शराब ली थी। रात करीब 3:30 बजे दोनों कमरे में सो गए थे। सुबह पति ने देखा कि पत्नी के मुंह से खून निकल रहा था और बेसुध थी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची थी। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर