गुरुग्राम: ऋषिकेश घूमकर लौटे इंजीनियर की बाथटब में मिली लाश

 

-होटल में लिया था कमरा, यूके में करता था नौकरी

गुरुग्राम, 03 नवंबर (हि.स.)। सेक्टर-53 स्थित एक होटल के कमरे में यूके से भारत आए एक इंजीनियर का शव संदिग्ध हालत में बाथटब में मिला है। मृतक हाल ही में ऋषिकेश घूमकर लौटा था और सोमवार रात गुरुग्राम में रुका था। पुलिस प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

मृतक की पहचान प्रांजिल पाठक (35) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आगरा की ओल्ड ईदगाह कॉलोनी का रहने वाला था और यूनाइटेड किंगडम में मैनचेस्टर में रहकर एक मल्टीनेशनल कंपनी में इंजीनियर के तौर पर काम करता था। शुरुआती जांच में सामने आया कि प्रांजिल हाल ही में यूके से भारत आया था। वह उत्तराखंड के ऋषिकेश में छुट्टियां मनाने के बाद सोमवार को दिल्ली लौटा। इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक दोस्त को फ्लाइट में छोडऩे के बाद उसने रात बिताने के लिए सेक्टर-53 स्थित ओरसम होटल में कमरा नंबर 302 बुक किया था। रात करीब 8 बजे होटल स्टाफ को अनहोनी का शक हुआ तो कमरे की जांच की गई। अंदर जकूजी (बाथटब) में प्रांजिल अचेत अवस्था में पड़ा मिला। डॉक्टर को बुलाया गया, जिसने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना पर सेक्टर-53 थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर कमरा सील कर दिया। होटल की तीसरी मंजिल और एंट्री-एग्जिट के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। जांच अधिकारी के मुताबिक प्रांजिल के कमरे में जाने के बाद किसी बाहरी व्यक्ति के अंदर जाने का कोई फुटेज नहीं मिला है। कमरा अंदर से लॉक था। प्रांजिल की मौत की खबर से आगरा में परिवार में शोक छा गया। बताया जा रहा है कि उसका करियर अच्छा चल रहा था और जल्द ही यूके में उसकी शादी होने वाली थी, जिसकी तैयारियां चल रही थीं। जांच अधिकारी अजय के अनुसार फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं है। जकूजी में नहाते समय दिल का दौरा, फिसलने या अन्य कारण हो सकते हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर