गुरुग्राम: गैरतपुर बास गांव में स्थापित किया नमो वन, 10 हजार पौधे लगाए

 




एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत नमो वन का उद्घाटन

-गांव गैरतपुर बास में 77वें जिला स्तरीय वन महोत्सव का किया आयोजन

-भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता और वन एवं पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह ने किया पौधारोपण

गुरुग्राम, 14 अगस्त (हि.स.)। एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत शनिवार को गांव गैरतपुर बास में 77वां जिला स्तरीय वन महोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता और वन एवं पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। गांव में स्थापित किए गए नमो वन का उद्घाटन किया। नमो वन क्षेत्र में करीब 10 हजार पौधे लगाए गए हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि गैरतपुर बास गांव अरावली पर्वतमाला से घिरा हुआ है। यहां पर्यावरण संरक्षण की दिशा में 10 हजार से अधिक पेड़ लगाए गए हैं। नमो वन के विकसित होने से यह क्षेत्र आने वाले समय में और अधिक हरा-भरा होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए एक पेड़ मां के नाम संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सभी नागरिक अपने घर-आंगन, चौपाल, मंदिर अथवा अन्य उपयुक्त स्थानों पर पौधे लगाएं और उन्हें अभिभावक की तरह संरक्षित करते हुए बड़ा करें। डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि केवल पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि पहले से लगे पेड़ों को बचाना भी हमारी जिम्मेदारी है। बड़े पेड़ हमारी धरोहर हैं। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए कागज, टिशू पेपर और पॉलीथिन का कम से कम उपयोग करने तथा ई-कार्ड और कपड़े के थैले को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने गोबर से बनी लकड़ी के उपयोग को भी बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक देश और प्रदेश को विकसित बनाने में पर्यावरण संरक्षण की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए नागरिकों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया।

वन एवं पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि प्रकृति और पेड़ों का हमारे जीवन में विशेष महत्व है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक पेड़ मां के नाम का संदेश देकर पर्यावरण संरक्षण को जनअभियान बनाया है। आने वाली पीढिय़ों के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाना और उनका संरक्षण करना हमारा नैतिक धर्म एवं कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि एनसीआर में प्रदूषण की समस्या के कारण लोगों को अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। प्रदूषण को कम करने के लिए सरकार के प्रयासों के साथ-साथ आम आदमी की भागीदारी भी जरूरी है।

कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि अरावली क्षेत्र प्रकृति का अनमोल उपहार है और इसके संरक्षण के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने चाहिए। गैरतपुर बास में नमो वन के अंतर्गत 10 हजार पौधे लगाए गए हैं। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर