गुरुग्राम: ईडी का विदेशी शराब सिंडिकेट पर शिकंजा, 10 ठिकानों पर छापेमारी

 

-बिना होलोग्राम वाली शराब बेचकर 10 करोड़ से अधिक की कमाई का खुलासा

-11 लाख रुपये नकद जब्त

-गुरुग्राम के द ठेका से जुड़ा है सिंडिकेट, बॉन्ड ट्रांसफर सिस्टम का किया दुरुपयोग

गुरुग्राम, 05 नवंबर (हि.स.)। विदेशी शराब की अवैध बिक्री और करोड़ों रुपये की टैक्स चोरी के कथित मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई की है। गुरुग्राम जोनल ऑफिस की टीम ने तीन और चार नवंबर को दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पंजाब में 10 ठिकानों पर छापेमारी की। दो दिनों तक चले तलाशी अभियान में 11 लाख रुपये नकद, महत्वपूर्ण दस्तावेज और शराब की खरीद-बिक्री से जुड़े डिजिटल रिकॉर्ड जब्त किए गए। जांच में इस सिंडिकेट के जरिए 10 करोड़ रुपये से अधिक की अपराध से अर्जित आय पैदा होने का खुलासा हुआ है।

ईडी की यह कार्रवाई गुरुग्राम स्थित लाइसेंस प्राप्त शराब दुकान द ठेका से जुड़े कथित सिंडिकेट की मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत की गई। दुकान का मालिकाना हक अंकुश गोयल और उनके अन्य साझेदारों के पास बताया गया है। जांच एजेंसी के अनुसार, सिंडिकेट बिना होलोग्राम और ट्रैक एंड ट्रेस स्ट्रिप्स वाली आयातित विदेशी शराब खरीदकर अवैध रूप से ठेकों के माध्यम से बेच रहा था। जांच में सामने आया कि सिंडिकेट ने कस्टम ड्यूटी और उत्पाद शुल्क से बचने के लिए बॉन्ड-टू-बॉन्ड ट्रांसफर सिस्टम का कथित दुरुपयोग किया। इसके लिए हरियाणा, गोवा और महाराष्ट्र में अलग-अलग कंपनियां बनाई गईं और जरूरी कस्टम लाइसेंस व दस्तावेज हासिल किए गए। आरोप है कि शराब को निर्धारित गोवा और महाराष्ट्र के वेयरहाउस तक पहुंचाने के बजाय ट्रांसपोर्टरों की मिलीभगत से सीधे गुरुग्राम के ठेकों पर पहुंचाया जाता था। वहां इसे वैध आयातित स्टॉक बताकर ग्राहकों को बेचा जाता था। ईडी के मुताबिक, जून से नवंबर 2025 के बीच सिंडिकेट ने एक लाख से अधिक विदेशी शराब की बोतलें खरीदीं और बिना निर्धारित कस्टम ड्यूटी, वैट, परमिट शुल्क तथा अन्य करों का भुगतान किए बेच दीं। इस कारोबार में 20 से 25 प्रतिशत तक मुनाफा कमाया गया और 10 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध आय अर्जित की गई।

3921 पेटी शराब पहले हो चुकी थी जब्त

मामले की जांच हरियाणा पुलिस की एफआईआर और चार्जशीट के आधार पर शुरू हुई। आबकारी अधिकारियों ने 9 दिसंबर 2025 को द ठेका से बिना होलोग्राम और ट्रैक एंड ट्रेस स्ट्रिप्स वाली 3921 पेटी तथा 176 बोतल विदेशी शराब जब्त की थी। नकली शराब की बिक्री के आरोप में भी सिंडिकेट के कुछ सदस्यों के खिलाफ एफआईआर दर्ज है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर