गुरुग्राम: द्वारका एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार ट्राले ने तीन गाडिय़ों को मारी टक्कर

 


-कार नाले में गिरी, चालक घायल, ट्राला चालक फरार

गुरुग्राम, 20 नवंबर (हि.स.)। द्वारका एक्सप्रेसवे पर गुरुवार देर रात तेज रफ्तार ट्राले ने जमकर कहर बरपाया। मानेसर की तरफ से दिल्ली जा रहे एक लोडेड ट्राले ने तीन गाडिय़ों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक कार एक्सप्रेसवे की दोनों सडक़ों के बीच बनी ग्रीन बेल्ट और ड्रेन में जा गिरी, जबकि दो कैब बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में कार चालक घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी ट्राला चालक मौके से फरार हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा द्वारका एक्सप्रेसवे पर एवीएल-36 सोसाइटी के नजदीक हुआ। एक लोडेड ट्राला मानेसर की ओर से दिल्ली के द्वारका की तरफ जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्राले ने रास्ते में तीन वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही एक कार अनियंत्रित होकर दोनों तरफ की सडक़ों के बीच बने नाले में जा गिरी। वहीं, दो कैब भी टक्कर से क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही सेक्टर-37 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने क्रेन की मदद से नाले में गिरी कार और ट्राले को बाहर निकलवाया। हादसे में घायल कार चालक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। सेक्टर-37 थाना प्रभारी के अनुसार, मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद फरार हुए ट्राला चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर