गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेसवे पर चलते ट्रक में लगी भीषण आग
गुरुग्राम, 26 अगस्त (हि.स.)। द्वारका एक्सप्रेसवे पर धनकोट-बसई फ्लाईओवर के पास बुधवार अलसुबह एक चलते ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा ट्रक आग के गोले में बदल गया। केबिन से धुआं निकलता देख चालक ने समय रहते ट्रक रोककर कूदकर अपनी जान बचा ली। हादसे में चालक को चोट नहीं आई, लेकिन ट्रक और उसमें रखा सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया।
जानकारी के अनुसार ट्रक जयपुर हाइवे से दिल्ली की ओर से जा रहा था। जब चालक ट्रक लेकर धनकोट फ्लाईओवर से ठीक पहले पहुंचा तो ट्रक के केबिन से अचानक धुआं निकलने लगा। चालक ने वाहन को सडक़ किनारे रोककर बाहर छलांग लगा दी। कुछ ही देर बाद इंजन से तेज लपटें उठीं और आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। एक्सप्रेसवे से गुजर रहे लोगों ने पुलिस और फायर विभाग को सूचना दी। सूचना पर बजघेड़ा थाना पुलिस और दमकल की दो गाडिय़ां मौके पर पहुंचीं। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे के कारण एक्सप्रेसवे पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा। सुरक्षा के मद्देनजर वाहनों को सर्विस लेन से निकाला गया। बाद में क्रेन से जले हुए ट्रक को हटाकर ट्रैफिक सामान्य किया गया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग का कारण बताया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर