गुरुग्राम: दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट के फर्जी टिकट बेचने वाला काबू

 


-जोमेटो के नाम से फर्जी वेबसाइट बनाकर ऑनलाइन टिकट बेचेि

गुरुग्राम, 27 जून (हि.स.)। सिंगर दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट के फर्जी टिकट बेचने के मामले में साइबर थाना दक्षिण गुरुग्राम ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने जोमेटो के नाम से फर्जी वेबसाइट बनाकर ऑनलाइन टिकट बेचे थे। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शनिवार को बताया कि इस केस में अब तक चार गिरफ्तारी हो चुकी हैं।

जानकारी के अनुसार जोमेटो की ओर से 17 सितंबर 2024 को थाना साइबर अपराध दक्षिण गुरुग्राम में शिकायत दी गई थी। शिकायत के अनुसार जोमेटा के नाम से फर्जी वेबसाइट और ई-मेल आईडी बनाकर इंस्टाग्राम के जरिए दिलजीत के कॉन्सर्ट के टिकट बेचकर धोखाधड़ी की गई। जबकि ऑफिशियल रूप से टिकट सिर्फ जोमेटो ही बेच सकता था। शिकायत पर थाना साइबर अपराध दक्षिण में केस दर्ज किया गया था। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 26 जून शुक्रवार को गुरुग्राम से आरोपी विपिन कुमार निवासी पुरबिया टोला नालापार, जिला इटावा, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी विपिन की मेल आईडी और फोन नंबर फर्जी वेबसाइट बनाने में इस्तेमाल किए गए थे। आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयोग किया गया मोबाइल फोन बरामद किया गया है। इस केस में अब तक चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर