गुरुग्राम: डॉक्टर व साथी पर जानलेवा हमला, गाड़ी के शीशे तोड़े

 

गुरुग्राम, 26 जून (हि.स.)। रेवाड़ी निवासी डॉक्टर नरेश कुमार और उनके साथी सतपाल पर भोड़ाकला में प्लॉट देखने के दौरान कुछ युवकों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोपियों पर डॉक्टर की गाड़ी से 23,000 रुपये निकालने और चाबी छीनने का आरोप है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शुक्रवार को बताया कि बिलासपुर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नरेश कुमार निवासी गोकलपुर जिला रेवाड़ी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 24 जून को वह अपने दोस्त सतपाल के साथ क्रेटा गाड़ी से भोड़ाकला में प्लॉट देखने आए थे। चित्रसैन की ढाणी से भोड़ाकला जाते समय रास्ते में एक लड़के ने हाथ देकर गाड़ी रुकवाई। उसने अपना नाम काली उर्फ कुलदीप बताया और पूछा कि यहां क्यों आए हो। नरेश ने बताया कि वह डॉक्टर हैं और प्लॉट देखने आए हैं।

शिकायत के अनुसार कुलदीप ने फोन कर एक व्यक्ति को बताया कि नशा मुक्ति केंद्र वाले उसे उठाने आए हैं। इसके बाद जब नरेश और सतपाल आगे बढ़े तो एक काली स्विफ्ट ने उनकी गाड़ी का रास्ता रोक लिया। गाड़ी से 4-5 लोग उतरे और लाठी-डंडों से दोनों पर हमला कर दिया। आरोप है कि कुलदीप ने उनकी गाड़ी से 23,000 रुपये निकाल लिए और एक आरोपी गाड़ी की चाबी भी छीन ले गया। जाते-जाते आरोपियों ने धमकी दी कि दोबारा इलाके में आए तो जान से मार देंगे। हमलावरों ने क्रेटा गाड़ी के सारे शीशे भी तोड़ दिए।

घटना के बाद दोनों घायल सीएचसी भोड़ाकला पहुंचे, जहां से उन्हें सेक्टर-10 गुरुग्राम रेफर किया गया। नरेश की एमएलसी में डॉक्टर ने पांच चोटें दर्ज की हैं। पुलिस उपनिरीक्षक रमेश ने शुक्रवार को बताया कि अभी तक पुलिस जांच में सामने आया कि पीड़ित नरेश और आरोपी कुलदीप काली पहले से एक-दूसरे को जानते हैं और साथ आते-जाते रहे हैं। शुरुआती जांच में गाड़ी से चाबी और पैसे निकालना साबित नहीं हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर