गुरुग्राम: डिजिटल अरेस्ट करके लाखों की ठगी
-ठगों को बैंक खाता उपलब्ध कराने के दो आरोपी गिरफ्तार
-आरोपी सैफ अली को भागलपुर से व सौरभ को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया गया
गुरुग्राम, 06 जून (हि.स.)। डिजिटल अरेस्ट कर एक व्यक्ति से 78 लाख रुपये की ठगी करने वाले साइबर अपराधियों को बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले दो आरोपियों को गुरुग्राम पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 28 नवंबर 2025 को एक व्यक्ति ने थाना साइबर अपराध दक्षिण गुरुग्राम में शिकायत दी कि 21 से 28 नवंबर के दौरान खुद को पुलिस अधिकारी बताने वाले व्यक्ति ने उसे डिजिटल अरेस्ट कर डरा-धमकाकर 78 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए। शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। निरीक्षक नवीन, प्रबंधक थाना साइबर अपराध दक्षिण के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान बिहार निवासी मोहम्मद सैफ अली और उत्तर प्रदेश निवासी सौरभ कुमार के रूप में हुई है।
सैफ अली को तीन जून को भागलपुर से और सौरभ को पांच जून को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया गया। सैफ अली को चार जून को कोर्ट में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि ठगी की राशि में से 24 लाख रुपये सैफ अली के बैंक खाते में ट्रांसफर हुए थे। उसने यह खाता 70 हजार रुपये में सौरभ को बेचा था, जिसने आगे इसे दो लाख 20 हजार रुपये में किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया। जांच में यह भी सामने आया कि सैफ अली के इसी बैंक खाते में ठगी की राशि ट्रांसफर होने को लेकर पहले से 52 शिकायतें दर्ज हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर