गुरुग्राम में डीजल टैंकर व कैंटर की टक्कर में पांच हजार लीटर डीजल सडक़ पर बहा
-केएमपी टोल के पास टैंकर को कैंटर ने मारी टक्कर
-अज्ञात कैंटर चालक पर दर्ज किया गया केस
गुरुग्राम, 31 मई (हि.स.)। बिलासपुर थाना क्षेत्र में कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) टोल प्लाजा पंचगांव के पास खड़े डीजल टैंकर को अज्ञात कैंटर ने टक्कर मार दी। हादसे में करीब पांच हजार लीटर डीजल सडक़ पर बह गया। जांच अधिकारी अजय कुमार ने रविवार को बताया कि पुलिस अज्ञात कैंटर और चालक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
जानकारी के अनुसार बाबा लालगिरी फीलिंग स्टेशन नांगल के मैनेजर संदीप ने पुलिस को शिकायत दी। शिकायत में बताया कि उनका डीजल टैंकर 29 मई को प्याला डिपो से डीजल और पेट्रोल भरकर पंप के लिए निकला था। रास्ते में क्लच प्लेट खराब होने पर चालक अनिल ने गाड़ी को केएमपी टोल प्लाजा के पास सडक़ किनारे खड़ा कर दिया और 1033 पर सूचना दी। करीब 20 मिनट बाद एक अज्ञात कैंटर ने टैंकर में पीछे से टक्कर मार दी। चालक बाल-बाल बच गया, लेकिन कैंटर चालक मौके से फरार हो गया। टक्कर से टैंकर से डीजल रिसकर बर्बाद हो गया। डीजल का रिसाव ज्यादा होने पर मौके पर दमकल और 112 की टीम को बुलाया गया। शिकायत के आधार पर थाना बिलासपुर पुलिस ने केस दर्ज किया है। जांच अधिकारी मुख्य सिपाही (हेड कांस्टेबल) अजय कुमार ने रविवार को बताया कि पुलिस अज्ञात कैंटर और चालक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर