गुरुग्राम: प्रभावी पुलिसिंग में मीडिया, आमजन का सहयोग महत्वपूर्ण: डीजीपी अजय सिंघल
-डीजीपी ने गुरुग्राम के सेक्टर-17/18 में थाने की नई इमारत का किया उद्घाटन
गुरुग्राम, 28 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अजय सिंघल ने सोमवार को यहां सेक्टर-17/18 में नवनिर्मित पुलिस स्टेशन का उद्घाटन किया। साथ ही पुलिसकर्मियों, उनके परिवारों, वरिष्ठ अधिकारियों, मीडिया और शहर के प्रबुद्ध नागरिकों से संवाद किया।
गुरुग्राम पहुंचने पर पुलिस स्टेशन सेक्टर-17/18 में डीजीपी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद उन्होंने नई थाना बिल्डिंग का विधिवत उद्घाटन किया और परिसर का निरीक्षण कर पुलिसिंग से जुड़ी सुविधाओं का जायजा लिया।
इस अवसर पर पुलिस आयुक्त गुरुग्राम शिबास कबिराज सहित सभी पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। उद्घाटन के बाद डीजीपी अजय सिंघल ने मीडिया से बात करते हुए गुरुग्राम की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस की कार्यशैली पर जानकारी सांझा की। उन्होंने कहा कि प्रभावी पुलिसिंग में मीडिया और आमजन का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है। पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल से ही सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी। इसके बाद डीजीपी पुलिस लाइन पहुंचे। वहां उन्होंने कम्युनिटी हॉल में वेलफेयर मीटिंग की। उन्होंने पुलिसकर्मियों से सीधे संवाद कर उनकी कार्य परिस्थितियों, सुविधाओं और कल्याण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। एचपीएससी गेस्ट हाउस में डीजीपी ने पुलिसकर्मियों के परिवारों से भी मुलाकात की। उन्होंने कहा कि पुलिस बल के साथ-साथ उनके परिवारों का कल्याण भी प्राथमिकता है।
डीजीपी ने लॉ एंड ऑर्डर कंपनियों का विशेष डेमो भी देखा
पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में लॉ एंड ऑर्डर कंपनियों ने विशेष डेमो प्रस्तुत किया। ईस्ट, वेस्ट, साउथ, मानेसर, मुख्यालय और महिला लॉ एंड ऑर्डर कंपनी के जवानों ने विभिन्न परिस्थितियों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की तैयारियों का प्रदर्शन किया। पुलिस महानिदेशक ने कंपनियों के अनुशासन, तैयारी और समन्वय का निरीक्षण किया। दौरे के दौरान उन्होंने कमिश्नरेट कार्यालय में पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में गुरुग्राम की मौजूदा पुलिसिंग व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, शिकायतों के त्वरित और संवेदनशील निवारण पर विस्तार से चर्चा हुई। ष्ठत्रक्क ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम नागरिकों की समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई हो और पुलिसिंग को और अधिक जनोन्मुख बनाया जाए। ट्रैफिक पुलिस टावर में डीजीपी अजय सिंघल ने गुरुग्राम के प्रबुद्ध नागरिकों के साथ भी संवाद किया। यातायात प्रबंधन, नागरिक सुरक्षा और पुलिस-जनसहयोग जैसे विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। उन्होंने कहा कि प्रभावी पुलिसिंग केवल पुलिस के प्रयासों से नहीं, बल्कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से मजबूत होती है। पुलिस और समाज के बीच विश्वास और निरंतर संवाद जरूरी है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर