गुरुग्राम में हाइड्रा मशीन ने डिलीवरी बॉय को मारी टक्कर, हालत नाजुक
गुरुग्राम, 28 अगस्त (हि.स.)। पुराने सिविल अस्पताल के सामने गुरुवार की देर रात तेज रफ्तार हाइड्रा मशीन ने बाइक सवार डिलीवरी बॉय को टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद राहगीरों ने हाइड्रा ड्राइवर को पकड़ लिया। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शुक्रवार को बताया कि घायल की पहचान मंजीत कुमार यादव के रूप में हुई है।
मंजीत कुमार यादव मूल रूप से बिहार के मधुबनी जिले का रहने वाला है और गुरुग्राम के राजीव नगर में किराए पर रहता है। वह फ्लिपकार्ट की 10 मिनट ग्रोसरी डिलीवरी सेवा में डिलीवरी बॉय है। बताया जा रहा है कि गुरुवार देर रात करीब 11 बजे वह ऑर्डर डिलीवर कर बाइक से वापस लौट रहा था। जैसे ही वह पुराने सिविल अस्पताल के पास पहुंचा, हाइड्रा मशीन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के मुताबिक मंजीत को गंभीर चोटें आई हैं और हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने हाइड्रा ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। मौके पर जुटे अन्य डिलीवरी पार्टनरों ने इस मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर