गुरुग्राम में दिल्ली-जयपुर हाइवे पर चलती कार में लगी भीषण आग
-कार के चालक ने कूदकर बचाई जान, पानी के टैंकर ने बुझाई आग
गुरुग्राम, 16 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे-48 पर एक चलती कार में अचानक आग लग गई। गुरुवार काे हुए हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। चालक ने समय रहते कार से कूदकर अपनी जान बचा ली। आग लगने से हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई और ट्रैफिक भी प्रभावित हुआ।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को एक कार तेज रफ्तार से दिल्ली की तरफ जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक कार के इंजन से धुआं निकलना शुरू हुआ और कुछ ही सेकंड में उसमें आग लग गई। आग देखकर चालक ने सूझ-बूझ दिखाते हुए तुरंत गाड़ी रोकी और कूदकर बाहर आ गया। इसके बाद देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही मिनटों में कार धू-धू कर जलने लगी और लगभग पूरी तरह खाक हो गई। कार में आग लगने की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी गई। इसी बीच हाईवे से गुजर रहे एक पानी के टैंकर के चालक ने बहादुरी दिखाते हुए अपना टैंकर रोका और आग बुझाने में मदद की। टैंकर के पानी से आग पर काफी हद तक काबू पाया गया। इसके बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग को पूरी तरह से बुझाया।
पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से हाईवे पर लगे ट्रैफिक को भी सामान्य कराया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या इंजन में तकनीकी खराबी को वजह माना जा रहा है। पुलिस ने बताया कि कार मालिक इस घटना पर कुछ भी कहने से बच रहे हैं। मामले की जांच की जा रही है। फोरेंसिक टीम से भी मदद ली जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर