गुरुग्राम में तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत
गुरुग्राम, 11 मई (हि.स.)। पचगांव चौक के पास रविवार देर रात हुए सड़क हादसे में व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान हयातपुर निवासी महेंद्र सिंह के रूप में हुई है। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हयातपुर निवासी मृतक के बड़े भाई मुकेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि महेंद्र सिंह रविवार को आगरा, अपने दोस्त से मिलने गया था। देर रात वह बाइक से वापस अपने घर लौट रहा था। मुकेश भी पचगांव चौक के पास अपने भाई का इंतजार कर रहा था। शिकायत के अनुसार महेंद्र सिंह जब केएमपी पचगांव टोल से जयपुर की ओर जाने वाले कट से हाईवे पर चढ़ रहा था, तभी गुरुग्राम की तरफ से तेज गति से आ रहे एक वाहन ने उसकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि महेंद्र सिंह बाइक से उछलकर सड़क पर गिर गया। हादसे में उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद आरोपी चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायल महेंद्र को मानेसर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बिलासपुर चौकी थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर