गुरुग्राम में दशहरा पर सुरक्षा में पुलिस के 2200 जवान रहेंगें तैनात
-गुरुग्राम में 66 जगहों पर होगा रावण के पुतलों का दहन
-दशहरा पर्व पर 17 स्थानों पर निकाली जाएंगी झांकियां
गुरुग्राम, 19 अक्टूबर (हि.स.)। दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए गुरुग्राम पुलिस ने व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए हैं। 20 अक्टूबर को होने वाले रावण दहन और झांकियों के लिए करीब 2200 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। पुलिस ने पूरे गुरुग्राम को चार जोन - पूर्व, पश्चिम, दक्षिण और मानेसर में बांटा है। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में आयोजन समितियों के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जिले में कुल 66 स्थानों पर रावण दहन होगा, जिनमें 12 बड़े और 54 छोटे आयोजन स्थल हैं। जोन वाइज पूर्व में 16, पश्चिम में 23, दक्षिण में सात और मानेसर में 20 स्थलों पर सुरक्षा रहेगी। बड़े स्थलों पर अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। दशहरे पर 17 धार्मिक झांकियां निकलेंगी। इनमें पूर्व जोन में तीन, पश्चिम में नौ, दक्षिण में दो और मानेसर में तीन झांकियां शामिल हैं। झांकियों के रूट पर भीड़ प्रबंधन और ट्रैफिक को सुचारू रखने के लिए विशेष पुलिस बल रहेगा। सभी 12 बड़े आयोजन स्थलों पर एक-एक फायर ब्रिगेड, एक एम्बुलेंस और एक ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात रहेगा। इसके अलावा हर जोन में दो-दो फायर ब्रिगेड और दो-दो एम्बुलेंस स्टैंडबाय पर रहेंगी। छोटे स्थलों के लिए हर जोन के डीसीपी के साथ दो-दो ड्यूटी मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं।
ट्रैफिक और क्यूआरटी की विशेष व्यवस्था
आयोजन स्थलों के आसपास जाम से बचने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने अलग से ड्यूटी प्लान बनाया है। पूर्व और दक्षिण जोन में एसीपी ट्रैफिक ईस्ट तथा पश्चिम और मानेसर में एसीपी ट्रैफिक वेस्ट निगरानी करेंगे। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए वेस्ट पुलिस कमिश्नर कार्यालय में एक एंटी-रायट कंपनी स्टैंडबाय पर रहेगी और हर जोन में एक-एक क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) तैनात रहेगी। साथ ही क्राइम स्टाफ, राइडर और ईआरवी, पीसीआर वैन भी मौजूद रहेंगी। सीसीटीवी और अनाउंसमेंट सिस्टम से भी निगरानी की जाएगी। गुरुग्राम पुलिस ने आमजन से अपील की है कि शांति और भाईचारे के साथ दशहरा मनाएं, पुलिस के निर्देशों का पालन करें, वाहन तय पार्किंग में ही खड़े करें, किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और अफवाहों पर ध्यान न दें।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर