गुरुग्राम में लगातार धंस रही सडक़ें, क्या रिकॉर्ड बनाना चाह रहे हैं शासन-प्रशासन: पंकज डावर

 


-गुरुग्राम-सोहना हाइवे पर सातवीं बार धंसी सडक़ से भ्रष्टाचार की खुली पोल

-दिल्ली-जयपुर हाईवे के फ्लाईओवर से दो साल से गिर रहा कंक्रीट

गुरुग्राम, 03 नवंबर (हि.स.)। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने गुडग़ांव में लगातार सडक़ें धंसने की घटनाओं को लेकर भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि गुडग़ांव में सडक़ें धंसने का क्रम थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगता है सरकार सडक़ें धंसने का ही रिकॉर्ड बनाना चाह रही है।

पंकज डावर ने विशेष रूप से गुरुग्राम-सोहना हाइवे का जिक्र करते हुए कहा कि यह हाइवे भ्रष्टाचार की जीती-जागती मिसाल बन गया है। करोड़ों रुपये की लागत से बना यह हाइवे सातवीं बार धंस गया है।

उन्होंने कहा कि एक ही हाइवे का एक ही हिस्सा सात बार धंस जाए, इससे बड़ा भ्रष्टाचार का सबूत क्या हो सकता है। हर बार सरकार लीपापोती करती है, मिट्टी डालकर गड्ढा भर दिया जाता है, फिर कुछ महीनों बाद वही सडक़ फिर धंस जाती है। जनता की जान के साथ खिलवाड़ हो रहा है। पंकज डावर ने कहा कि गुरुग्राम-सोहना हाइवे से हजारों लोग रोजाना सोहना, नूंह और अलवर की तरफ आते-जाते हैं। जब से यह हाइवे बना है, तब से यह हादसों का हाइवे बन गया है। कभी सर्विस लेन धंस जाती है तो कभी मुख्य सडक़। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ऐसी कौन सी तकनीक से यह सडक़ बनाई गई है जो हर बारिश में या बिना बारिश के ही बैठ जाती है।

पंकज डावर ने कहा कि सडक़ें धंसने के बाद भी जांच के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति होती है। अगर पहली बार सडक़ धंसने पर ही ठेकेदार पर कार्रवाई होती, उसकी सिक्योरिटी जब्त होती और ब्लैकलिस्ट किया जाता, तो आज सातवीं बार यह नौबत नहीं आती। सरकार में बैठे लोगों की ठेकेदारों से मिलीभगत है, इसलिए कोई कार्रवाई नहीं होती। डावर ने दिल्ली-जयपुर नेशनल हाइवे-48 का भी उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि एनएच-48 पर बने फ्लाईओवरों की हालत भी खस्ता है। पिछले दो साल से इन फ्लाईओवरों से कंक्रीट के टुकड़े गिर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर