गुरुग्राम: जंगल में मिला व्यक्ति का शव, सिर कुचलकर हत्या की आशंका

 


-शव से बदबू आने पर राहगीरों ने दी पुलिस को सूचना

गुरुग्राम, 09 मई (हि.स.)। बसई गांव के जंगल में करीब 55 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव लहुलुहान अवस्था में मिला। आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति की हत्या कहीं और करने के बाद शव को पहचान छिपाने के उद्देश्य से जंगल में फेंका गया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शनिवार को बताया कि शव की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार बसई गांव से जंगल के रास्ते से गुजर रहे लोगों को तेज बदबू महसूस हुई। शक होने पर उन्होंने आसपास तलाश की तो झाडिय़ों के बीच एक व्यक्ति शव पड़ा दिखाई दिया। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सेक्टर-9 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम और सीन ऑफ क्राइम यूनिट को भी मौके पर बुलाया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक की हत्या सिर पर भारी पत्थर से वार करके की गई है। घटनास्थल से पुलिस ने अहम साक्ष्य जुटाए हैं। मृतक के पास से कोई पहचान पत्र, मोबाइल फोन या अन्य दस्तावेज बरामद नहीं हुए, जिससे उसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही हाल ही में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का रिकॉर्ड की जांच कर रही है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार का कहना है कि जल्द ही मृतक की पहचान कर मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल पुलिस हत्या के विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर