गुरुग्राम: करोड़ों की साइबर ठगी में बैंक खाता देने का आरोपी काबू
-स्टॉक मार्केट में निवेश के नाम पर की गई थी ठगी
-आरोपी पराग जोशी ने 1.20 लाख में बेचा था कंपनी का खाता
-12 लाख रुपये हुए थे ट्रांसफर, पुलिस ने दो दिन के रिमांड पर
गुरुग्राम, 03 जुलाई (हि.स.)। साइबर ठगों को बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले एक आरोपी को पुलिस ने काबू करने में सफलता हासिल की है। थाना साइबर अपराध दक्षिण गुरुग्राम, की टीम ने उसे जयपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शुक्रवार को बताया कि आरोपी ने प्राइवेट कंपनी के नाम से खाता खुलवाकर 1.20 लाख रुपये में साइबर ठगों को बेच दिया था। इसी खाते में ठगी के 1.09 करोड़ रुपये में से करीब 12 लाख रुपये ट्रांसफर हुए थे।
आठ सितंबर 2025 को एक व्यक्ति ने थाना साइबर अपराध दक्षिण में शिकायत दी थी कि स्टॉक मार्केट में निवेश कर ज्यादा मुनाफा देने के नाम पर उससे करीब एक करोड़ नौ लाख रुपये की ठगी की गई है। शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। साइबर थाना दक्षिण की टीम ने जांच के बाद एक जुलाई 2026 को आरोपी पराग जोशी निवासी गणेश नगर, कलवार रोड, जयपुर, राजस्थान को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में सामने आया कि ठगी गई रकम में से लगभग 12 लाख रुपये जिस बैंक खाते में आए थे, वह खाता आरोपी ने एक प्राइवेट कंपनी के नाम से खुलवाया था।
1.20 लाख रुपये में बेचा था, खाता
आरोपी पराग जोशी ने कबूला कि उसने यह बैंक खाता साइबर ठगी में शामिल एक अन्य आरोपी को 1.20 लाख रुपये में उपलब्ध करवाया था। ठगी की रकम इसी खाते में मंगवाई गई थी। पुलिस अब उस मुख्य आरोपी की तलाश कर रही है, जिसे खाता बेचा गया था। आरोपी पराग जोशी को कोर्ट में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान उससे गैंग के अन्य सदस्यों, फर्जी कंपनियों और बाकी रकम कहां भेजी गई, इसकी जानकारी जुटाई जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर