गुरुग्राम: व्हाट्सऐप पर एपीके डाउनलोड करवाकर नौ लाख ठगे, एक आरोपी काबू
-खाता छह हजार में बेचा था, उसी में ट्रांसफर हुई पूरी रकम
गुरुग्राम, 16 अगस्त (हि.स.)। साइबर क्राइम ईस्ट थाना पुलिस ने व्हाट्सऐप के जरिए एपीके फाइल डाउनलोड करवाकर नौ लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। ठगी की पूरी रकम आरोपी के बैंक खाते में जमा हुई थी।
पुलिस के अनुसार 21 मार्च 2026 को एक शिकायतकर्ता ने साइबर क्राइम ईस्ट थाने में शिकायत दी थी। शिकायत में कहा गया था कि आरोपियों ने व्हाट्सऐप पर एक एपीके फाइल डाउनलोड करवाई और इसके बाद उसके बैंक खाते से 9 लाख रुपये निकाल लिए। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों और बैंकिंग लेनदेन के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी तक पहुंच बनाई। पुलिस ने मनीष कुमार गुप्ता (28) निवासी जिला गोंडा उत्तर प्रदेश को उसके गांव से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। पूछताछ में सामने आया कि ठगी की पूरी नौ लाख रुपये की राशि सीधे मनीष के बैंक खाते में ट्रांसफर हुई थी। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने अपना बैंक खाता छहहजार रुपये के बदले एक अन्य व्यक्ति को उपलब्ध कराया था। इसी खाते का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम लेने के लिए किया गया। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने रविवार को बताया कि आरोपीबीएससी तक पढ़ा है और पेशे से हलवाई का काम करता है। साइबर क्राइम ईस्ट थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में अन्य आरोपियों और पूरे साइबर ठगी नेटवर्क की जांच की जा रही है। जल्द ही गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर