गुरुग्राम: कांग्रेस ने वोट बचाओ देश बचाओ अभियान के तहत चौपाल कार्यक्रम में भाजपा को घेरा

 


गुरुग्राम, 16 नंबवर (हि.स.)। तावड़ू क्षेत्र में वोट बचाओ देश बचाओ अभियान के तहत सोमवार को एक विशाल चौपाल कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कांग्रेस के हरियाणा प्रभारी संजय दत्त, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, एआईसीसी पर्यवेक्षक रोहित चौधरी, रोहतक से विधायक एवं गुरुग्राम जिला पर्यवेक्षक भारत भूषण बतरा ने शिरकत की।

हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि आज देश का संविधान और लोकतांत्रिक ढांचा खतरे में है। जिस प्रकार से संस्थाओं का दुरुपयोग किया जा रहा है और आम जनता के अधिकारों का हनन हो रहा है, उसके खिलाफ हर नागरिक को खड़े होने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यह वोट बचाओ देश बचाओ अभियान सिर्फ एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह हमारे देश के भविष्य को सुरक्षित रखने की एक बड़ी मुहिम है। उन्होंने संकल्प लिया कि वे देश के संविधान, भाईचारे और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए किसी भी संघर्ष से पीछे नहीं हटेंगे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में राज्य सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा का युवा, किसान, मजदूर और व्यापारी वर्ग खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है, लेकिन सरकार का ध्यान इन बुनियादी मुद्दों से भटका हुआ है।

उन्होंने विश्वास दिलाया कि कांग्रेस पार्टी हर वर्ग के हक की लड़ाई सडक़ से लेकर सदन तक पूरी मजबूती के साथ लड़ेगी। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं पर्यवेक्षक रोहित चौधरी ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अब घर-घर जाकर जनता को जागरुक करना होगा।

जिला पर्यवेक्षक एवं विधायक भारत भूषण बतरा ने रोहतक और गुरुग्राम जिलों के संगठनात्मक ढांचे पर बात करते हुए कार्यकर्ताओं से आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार रहने को कहा। ग्रामीण जिला अध्यक्ष वर्धन यादव ने कहा कि भाजपा शासन में न केवल हरियाणा, अपितु पूरे देश की जनता परेशान हैं। कांग्रेस ने एसआईआर का मुद्दा उठाकर भाजपा की दुखती रग पर हाथ रख दिया है। अब भाजपा तिलमिला रही है। कोई और मुद्दा नहीं मिल रहा है। भाजपाई बौखलाकर उलटा सीधा बयान देकर चर्चा में बने रहना चाहते हैं। इस अवसर पर महिला कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव सुनीता सहरावत, पीसीसी सदस्य पंकज भारद्वाज एवं ब्लॉक अध्यक्ष रज्जू चेयरमैन सहित कार्यकर्ताओं ने भारी संख्या में शिरकत की।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर