गुुरुग्राम: सेक्टर-9 रोड की बदहाली पर कांग्रेसियों ने सरकार को घेरा
-गड्ढों वाली सडक़ में कमल के फूल के कटआउट उलटे रखे
-बोले सडक़ में गहरे गड्ढे खोल रहे झूठे विकास की पोल
गुरुग्राम। जिला कांग्रेस (शहरी) के अध्यक्ष पंकज डावर ने बुधवार को कार्यकर्ताओं के साथ सेक्टर-9 ईएसआई अस्पताल के सामने बरसात से टूटी सडक़ का निरीक्षण किया। उन्होंने बुरी तरह से क्षतिग्रस्त सडक़, जलभराव और नियमित तौर पर लग रहे भीषण जाम पर सरकार, प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। पंकज डावर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गड्ढों वाली सडक़ में कमल के फूल के कटआउट उलटे रखकर विरोध जताया गया। मौके पर आमजन भी एकत्रित हुए और इन समस्याओं पर सरकार को कटघरे में खड़ा किया।
पंकज डावर ने कहा कि मंगलवार को बरसात के दौरान मुख्यमंत्री गुडग़ांव में ही थे। उन्होंने गुडग़ांव को डूबते देखा, मगर इसके सुधार पर एक शब्द नहीं बोलकर गए। पंकज डावर के साथ मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने भी सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि कुछ समय पहले ही बनाई गई यह सडक़ आज पूरी तरह बदहाल हो चुकी है। निरीक्षण के दौरान पंकज डावर ने कहा कि ईएसआई अस्पताल के सामने वाली सडक़ पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो चुके हैं। बरसात का पानी भरने से ये गड्ढे दिखाई नहीं देते और वाहन सीधे उनमें जा गिरते हैं। गाडिय़ों के नीचे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो रहा है।
पंकज डावर ने कहा कि कांग्रेस के इस विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलते ही प्रदर्शन से ठीक पहले मिट्टी डालकर जेसीबी से समतल करके मुद्दे को खत्म करने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि यह काम बिना विरोध प्रदर्शन के भी किया जा सकता है। इस अवसर पर सूबे सिंह यादव, सीमा हुड्डा, हरकेश प्रधान, सुशील सहरावत, विकास हुड्डा, राजीव यादव, अमन प्रजापति, मनोज आहुजा, सतीश सांगवान, मास्टर महेंद्र सैन, लोकेश कौशिक, पंकज मेहंदीरत्ता, राजेश पटेल, साहिल बंसल, तपन दास, सुनील चौहान, जगदीश यादव, प्रताप मलिक, ओमप्रकाश चौहान, सुमन ग्रेवाल, सुमन सिंघल, मुकेश सिंगला, टिंकू जाटव, वैशाली, ओमप्रकाश खरेरा सुनील सचदेवा, यशपाल भगत, नरेश शर्मा, कपिल गौतम व लाभ सिंह समेत अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर