गुरुग्राम: जनता का मताधिकार लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत: धर्मपाल मलिक
-दिल्ली रैली के गुडग़ांव प्रभारी धर्मपाल मलिक के नेतृत्व में हुई बैठक
-गुरुग्राम ग्रामीण जिला अध्यक्ष वर्धन यादव ने संभाली कमान
गुरुग्राम, 28 अक्टूबर (हि.स.)। एक नवंबर को दिल्ली में होने वाली कांग्रेस की वोट बचाओ-देश बचाओ महारैली और मार्च को लेकर बुधवार को पटौदी में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। इसमें कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करने के साथ स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने, लोगों से संपर्क बढ़ाने और महारैली को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहुंचे।
बैठक का नेतृत्व अनुशासन समिति के चेयरमैन एवं रैली के गुडग़ांव प्रभारी धर्मपाल मलिक ने किया, जबकि अध्यक्षता गुरुग्राम ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष वर्धन यादव ने की। बैठक में नेताओं ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने और एक नवंबर के कार्यक्रम में पटौदी क्षेत्र की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। पार्टी ने महारैली के केंद्र में मताधिकार, संविधान और चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता से जुड़े मुद्दों को रखा है। बैठक में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक के वोट का महत्व है और चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखना जरूरी है। पार्टी इसी मुद्दे को लेकर वोट बचाओ-देश बचाओ महारैली आयोजित कर रही है। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे इस संदेश को अपने-अपने क्षेत्रों तक पहुंचाएं और लोगों को कार्यक्रम के उद्देश्य से अवगत कराएं। धर्मपाल मलिक ने कहा कि जनता का मताधिकार लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। इसकी पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी एकजुटता और अनुशासन के साथ महारैली में शामिल होने की अपील की।
उन्होंने कहा कि किसी भी संगठनात्मक कार्यक्रम की सफलता के लिए कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और आपसी तालमेल महत्वपूर्ण होता है।
गुरुग्राम ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष वर्धन यादव ने कहा कि वोट बचाओ-देश बचाओ केवल एक नारा नहीं, बल्कि लोकतंत्र, संविधान और आम नागरिक के मताधिकार की रक्षा का संकल्प है। कांग्रेस चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता के सवाल पर लगातार आवाज उठा रही है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी मजबूती से संघर्ष करेगा। यादव ने कहा कि पटौदी विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं में महारैली को लेकर उत्साह है। उन्हें विश्वास है कि पटौदी सहित पूरे गुरुग्राम जिले से बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एक नवंबर को होने वाले कार्यक्रम में भाग लेंगे। उन्होंने बैठक में पहुंचे वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की एकजुटता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर