गुरुग्राम की पर्ल चौधरी होंगी महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष

 






-पर्ल चौधरी ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से की है लॉ की पढ़ाई

गुरुग्राम, 22 फरवरी (हि.स.)। कांग्रेस पार्टी ने दक्षिण हरियाणा का संगठन के स्तर पर एक बार फिर मान बढ़ाया है। पहले तो राव नरेंद्र सिंह को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया, अब पटौदी सुरक्षित सीट से 2024 का विधानसभा चुनाव लडऩे वाली पर्ल चौधरी को महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। पर्ल चौधरी पटौदी के पूर्व विधायक भूपिंद्र चौधरी की बेटी हैं। उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से लॉ की पढ़ाई की है।

उनकी इस नियुक्ति पर ना केवल उनके विधानसभा क्षेत्र में बल्कि पूरे गुडग़ांव जिले और संगठन में खुशी की लहर है। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव के.सी. वेणुगोपाल की ओर से पर्ल चौधरी की नियुक्ति के आदेश जारी किए गए। पर्ल चौधरी ने हरियाणा महिला कांग्रेस के पद पर सुधा भारद्वाज की जगह ली है। शिक्षित और बिजनेसमैन परिवार से संबंध रखने वाली पर्ल चौधरी जमीन से जुड़ी नेत्री हैं। सरकार के खिलाफ पार्टी का पक्ष रखने की बात हो, सरकार की जनविरोधी नीतियों की बात हो, उन्होंने हर स्तर पर फ्रंट लाइन में आकर मजबूती से अपनी बात रखी है। संगठन के कार्यक्रमों में उनकी हमेशा प्राथमिकता से उपस्थिति रही है। उनकी यह नियुक्ति इस लिहाज से भी महत्वपूर्ण है कि दक्षिण हरियाणा से ही कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह को पार्टी ने चुना। अब इसी क्षेत्र से ही महिला प्रदेश अध्यक्ष को चुना है। पर्ल चौधरी अनुसूचित जाति से संबंध रखी हैं। इसलिए सवर्ण व अनुसूचित जाति फैक्टर भी कांग्रेस ने चला है। इससे सभी को संगठन में प्रतिनिधित्व देकर कांग्रेस ने अनुसूचित जाति के लोगों का सम्मान बढ़ाया है। अपनी नियुक्ति पर पर्ल चौधरी ने कहा कि वे प्रदेश की महिलाओं की आवाज को मजबूती से उठाएंगी। उनकी आवाज बनकर काम करेंगीं। साथ ही संगठन को और अधिक मजबूती देने के लिए महिलाओं की मजबूत टीम बनाएंगी।

पर्ल चौधरी के पिता भूपिंद्र चौधरी ने वर्ष 2005 में कांग्रेस पार्टी की टिकट पर पटौदी विधानसभा से चुनाव लड़ा था। वे इस चुनाव में जीतकर विधायक बनें। वे वर्ष 1994 से 96 तक गुडग़ांव कांग्रेस के जिला अध्यक्ष भी रहे थे। वर्ष 1991-94 व 1996 से 2001 तक वे हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मेंबर रहे। वर्ष 1977 से 90 तक वे 13 साल वे हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी एससी/एसटी सैल के महासचिव रहे थे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर