गुरुग्राम: कांग्रेस सरकार बनते ही हटाए जाएंगें श्रमिक हितों पर लगाए गए काले कानून: संजय दत्त
-श्रमिक हितों में व श्रम कानूनों के खिलाफ इंटक की बैठक में गूंजी आवाज
गुरुग्राम, 04 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) हरियाणा प्रदेश की राज्य कार्यसमिति की बैठक अग्रवाल भवन गुरुग्राम में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता इंटक हरियाणा के अध्यक्ष अमित यादव ने की। बैठक में प्रदेशभर से श्रमिक संगठनों, यूनियनों, सरकारी कर्मचारियों और असंगठित मजदूरों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और पूर्व सांसद राज बब्बर ने शिरकत की।
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने शनिवार देर शाम तक चली बैठक में कहा कि श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस हरसंभव सहयोग देगी।
उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार ने गरीबों, मजदूरों को बहकाकर वोट लिया। ऊपर से वोट चोरी की और सरकार बनाकर देश में महंगाई, बेरोजगारी बढ़ा दी। आज युवाओं को रोजगार नहीं मिल पा रहे। सरकारी नौकरियों के इंतजार में युवा बैठे हैं। उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर देश से बीजेपी सरकार को उखाड़ फेंकेंगें। प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि इंटक देश की रीढ़ की हड्डी है। जहां भी जा रहा हूं, इंटक हर जिले में मजबूती से काम कर रही है। मजदूर विरोधी काले कानूनों के खिलाफ इंटक जो लड़ाई लड़ रही है, कांग्रेस उसके साथ खड़ी है। सरकार आने पर सभी मजदूर विरोधी लेबर कोड को खत्म किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह दिन दूर नहीं जब भाजपा सरकार वह इतिहास बनकर रह जाएगी, जो देश के विकास नहीं विनाश के नाम से जाना जाएगा।
पूर्व सांसद राज बब्बर ने कहा कि मैं भी इंटक परिवार से हूं। मेरे पिता जी ने भी रेलवे में रहते हुए इंटक में काफी लंबे समय तक काम किया है।
उन्होंने कहा कि वोट चोरी करके बनाई गई सरकार कभी भी देश का भला न सोच सकती है और न कर सकती है। राज बब्बर ने कहा कि बीजेपी ने हरियाणा से वोट ही नहीं बल्कि पूरी सरकार ही चुरा ली। लोकसभा चुनाव में भी वोट चोरी किए गए। देश की जनता बीजेपी को समझ चुकी है और आगे के चुनावों में जनता खुद सतर्क रहेगी और बीजेपी सरकार को बाहर का रास्ता दिखाएगी। इंटक के प्रदेश अध्यक्ष अमित यादव ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
इंटक की इस बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि बढ़ती महंगाई, निजीकरण और श्रमिक विरोधी नीतियों के खिलाफ बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया, प्रदेश महामंत्री धर्मबीर लोहान, एआईसीयूटी महासचिव अनिल पवार, सुरेश गौड़, राजकुमार त्यागी, चंडीगढ़ इंटक अध्यक्ष नसीब जाखड़, सुनील बुआना, जिलाध्यक्ष मुकेश शर्मा, वीरेंद्र सिंग्रोहा, एस.एन. दहिया, दिनेश हुड्डा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर