गुरुग्राम: कांग्रेस ने महंगाई, बेरोजगारी समेत कई मुद्दों पर किया प्रदर्शन, फूंका पुतला

 


-सिद्धेश्वर चौक पर फूंका पुतला, काफी संख्या में पहुंचे कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता

गुरुग्राम, 20 मई (हि.स.)। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को केंद्र व राज्य सरकार पर जनविरोधी होने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। सिद्धेश्वर चौक पर काफी संख्या में कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता एकत्रित हुए। सरकार के खिलाफ पहले जमकर नारेबाजी की गई। फिर पुतला फूंककर जिला उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर के नेतृत्व में बुधवार को यह विरोध प्रदर्शन किया यगा।

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर सेंकड़ों कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल-डीजल, एलपीजी व रसोई गैस की बढ़ती कीमतों, बेरोजगारी, हरियाणा लोक सेवा आयोग द्वारा युवाओं के साथ हो रहे अन्याय और नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर नारेबाजी की। मई महीने में ही दो बार पेटेल-डीजल के दाम बढ़ाने पर सरकार को आड़े हाथों लेते हुए पंकज डावर ने कहा कि गर्मी की आग के बीच महंगाई की आग में आम जनता जल रही है। सरकार ने महंगाई की चक्की में सबको पीसने का काम किया है। आक्रोषित जनता भाजपा सरकार को सबक सिखाने को तैयार है। प्रदर्शन में काफी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए। जिला शहरी अध्यक्ष पंकज डावर ने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता की कमर तोड़ दी है। एक तरफ महंगाई आसमान छू रही है, दूसरी तरफ युवा बेरोजगारी से परेशान हैं। पंकज डावर ने कहा कि ने कहा कि पेट्रोल 110 रुपये प्रति लीटर और घरेलू एलपीजी सिलेंडर 1200 रुपये के पार पहुंच गया है। आम आदमी की रसोई का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है। पंकज डावर ने हरियाणा लोक सेवा आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि एचपीएससी की भर्तियों में लगातार धांधली हो रही है। हरियाणा के युवाओं को योजनाबद्ध तरीके से बाहर किया जा रहा है और दूसरे राज्यों के अभ्यर्थियों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। पेपर लीक, भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद एचपीएससी की पहचान बन गए हैं। पंकज डावर ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने महंगाई, बेरोजगारी, एचपीएससी में भ्रष्टाचार और नीट पेपर लीक पर जल्द कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेस इस आंदोलन को तेज करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर