गुरुग्राम: सरकार के मंत्री ही सरकारी अस्पताल निर्माण में बाधा हैं तो सरकार क्या कर रही: पंकज डावर

 


-स्वास्थ्य मंत्री के बयान पर कांगे्रस जिला शहरी अध्यक्ष ने किया सवाल

गुरुग्राम, 13 अक्टूबर (हि.स.)। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव द्वारा गुरुग्राम के सिविल अस्पताल के निर्माण में रोड़ा अटकाने वाले बयान पर कहा कि अगर ऐसी बात है तो फिर ऐसे नेताओं पर एक्शन लेने में देरी क्यों हो रही है। क्यों नहीं वे सरकार के समक्ष सीधे तौर पर अपनी बात रख रहीं।

पंकज डावर ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव कहती हैं कि अस्पताल निर्माण के कुल बजट में से 70 करोड़ रुपये एचएसआईआईडीसी को ट्रांसफर कराए जा चुके हैं। राजनीतिक खींचतान से निर्माण रुका हुआ है। बजट और प्रशसनिक मंजूरी के बाद स्थानीय स्तर पर राजनीतिक द्वेष से काम को रोका जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों की चिकित्सा को लेकर गंभीरता दिखा रही हैं। बिना नाम लिए वे एक कैबिनेट मंत्री पर काम रुकवाने के आरोप लगा रही हैं। मुख्यमंत्री को गुमराह करने की वे बात कह रही हैं। इतना सब उनको पता है मगर आज तक उन्होंने इस पर सरकार से कोई बात नहीं की। गुडग़ांव के विधायक भी सलाह दे रहे हैं कि मंत्री के पोर्टफोलियो में एचएसआईआईडीसी आता है, इसलिए उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए।

पंकज डावर ने स्वास्थ्य मंत्री और गुडग़ांव के विधायक से सवाल किया है कि क्या इतने समय से अस्पताल के नाम पर जनता को भ्रमित किया जा रहा है। कभी यहां सीपीडब्ल्यूडी की टीम दौरा करती है तो कभी यह काम पीडब्ल्यूडी को सौंपने की बात कही जा रही है। इन्हीं में सारा काम उलझाकर रखा हुआ है। इससे पहली की सरकार में स्वास्थ्य मंत्री और मुख्यमंत्री के बीच खींचतान के चलते अस्पताल का निर्माण नहीं होने की बातें उठती थीं। अब दूसरे विभाग के मंत्री और स्वास्थ्य मंत्री के बीच राजनीतिक द्वेष से अस्पताल नहीं बन पा रहा। पंकज डावर ने कहा कि फिर सरकार किस बात का विकास का ढोल पीट रही है। किस हक से सरकार के मंत्री स्वास्थ्य क्षेत्र में बेहतर सेवाओं का दावा करते फिर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर