गुरुग्राम: कंपनी में फर्जी वेंडर व बिलों से की करोड़ों की ठगी, एक गिरफ्तार

 


-कंपनी के कर्मचारियों द्वारा ही दिया गया वारदात को अंजाम

गुरुग्राम, 07 अप्रैल (हि.स.)। कंपनी में फर्जी वेंडर, फर्जी बिलों से करोड़ों रुपये की ठगी कर ली गई। इस ठगी की वारदात को अंजाम देने वाले भी कंपनी के कर्मचारी ही थे। गुरुग्राम पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा-2 ने इस मामले में कंपनी के पूर्व कर्मचारियों के साथ मिलकर फर्जी फर्म/वेंडर बनकर रुपये की ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आर्थिक अपराध शाखा-2 की टीम ने आरोपी को फरीदाबाद से गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान कमल कालरा (उम्र-42 वर्ष) निवासी फरीदाबाद के रूप में हुई है।

पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी कमल ठगी के इस मामले में एक अन्य आरोपी लवीश का जीजा है। धोखाधड़ी से ट्रांसफर की गई राशि में से 1.82 लाख रुपये आरोपी के बैंक खाता में तथा 35 लाख रुपये आरोपी की पत्नी के बैंक खाता में ट्रांसफर हुए थे। इससे पहले आर्थिक अपराध शाखा-2 ने एक आरोपी को 19 फरवरी 2026 को फरीदाबाद से ही गिरफ्तार किया था। आरोपी की पहचान गौरव धींगड़ा (उम्र-37 वर्ष) निवासी एनआईटी फरीदाबाद के रूप में हुई। ठगी गई राशि में से एक करोड़ 85 लाख 47 हजार 513 रुपये आरोपी गौरव धींगड़ा की धींगडा इंटरप्राइज फर्म के बैंक खातों में ट्रांसफर हुए हैं। आरोपी फरीदाबाद की किसी निजी कम्पनी में मैनेजर के पद पर कार्य करता है। आरोपी ने बताया कि उसने एक अन्य साथी लवीश (कंपनी कर्मचारी) के साथ मिलकर एक फर्जी धींगडा इंटरप्राइजेज के नाम से फर्म खुलवाई। लवीश के माध्यम से शिकायकर्ता की कंपनी को वेंडर बताकर कंपनी के खाते से एक करोड़ 85 लाख 47 हजार 513 रुपये धींगडा एंटरप्राइज के तीन बैंक खातों में ट्रांसफर करवाए थे। फर्जी फर्म व बैंक खाते इसके अन्य साथी लवीश ने खुलवाए थे और उसमें रुपये ट्रांसफर करवाए थे, जिसके बदले आरोपी को लगभग पांच लाख रुपये मिले थे। इस शिकायत पर थाना सेक्टर-37 में केस दर्ज किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर