गुरुग्राम: कर्नल के घर हथियारबंद नकाबपोशों ने की डकैती
सीसीटीवी कैमरों का रुख मोड़कर दिया वारदात को अंजाम
परिवार को बंधक बनाकर लाखों के गहने और नकदी लूटी
गुरुग्राम, 06 जून (हि.स.)। शहर के सेक्टर-23 में शुक्रवार आधी रात हथियारों से लैस नकाबपोश बदमाशों ने कर्नल के घर में घुसकर परिवार को बंधक बना लिया और लाखों रुपये के आभूषण व नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शनिवार काे बताया कि आराेपियाें की तलाश की जा रही है। कर्नल सीएल जैन के बेटे विकास जैन ने शनिवार को पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बदमाश आधी रात के बाद घर के पिछले हिस्से में पहुंचे। पहचान छिपाने के लिए उन्होंने पहले वहां लगे सीसीटीवी कैमरों का रुख दीवार की ओर मोड़ दिया। इसके बाद कटर की मदद से खिड़की की लोहे की ग्रिल काटकर घर के अंदर प्रवेश किया। सबसे पहले बदमाश विकास जैन के कमरे में पहुंचे और फिर उस कमरे में घुस गए जहां उनकी पत्नी और बेटी सो रही थीं।
शिकायत में बताया गया कि बदमाशों के हाथों में चाकू, कटर, बड़े पेचकस और लोहे की पाइप थी। उन्होंने परिवार को धमकाते हुए महिला के कानों के झुमके, अंगूठियां, चूड़ियां समेत अन्य आभूषण उतरवा लिए। इसके अलावा ड्रेसिंग टेबल और अलमारी की तलाशी लेकर हीरे की अंगूठियां, हीरे के सेट, सोने का मंगलसूत्र, चेन और अन्य कीमती जेवरात अपने कब्जे में ले लिए। बदमाशों ने घर में रखी हजारों रुपये की नकदी भी लूट ली।
घर में हो रही हलचल सुनकर जब कर्नल सी.एल. जैन बाहर आए तो बदमाशों ने उन्हें भी काबू कर लिया। इसके बाद परिवार के सभी सदस्यों को एक कमरे में बंधक बनाकर करीब आधे घंटे तक घर में तांडव मचाया तथा जाते जाते कर्नल के मेडल भी अपने साथ ले गए। घटना के बाद परिवार ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। पालम विहार थाना पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर