गुरुग्राम: कार टकराने पर पांच युवकों ने रिटायर कर्नल पर किया कातिलाना हमला
युवकों ने रिटायर कर्नल के साथ जमकर मारपीट की
पांच युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया
गुरुग्राम, 23 फरवरी (हि.स.)। यहां एक रिटायर कर्नल की कार की टक्कर लगना युवकों को इतना नागवार गुजरा कि उन्होंने उन पर बीयर की बोतलों से हमला कर दिया। कार में तोडफ़ोड़ की। कर्नल को लात-घूंसों से भी पीटा। इस मामले में पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं किए जाने पर पीडि़त ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, गृह मंत्री को सोशल मीडिया पर शिकायत टैग की थी। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार कर्नल रोहित देव ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा कि कर्नल अनिल यादव 21 फरवरी की देर रात मेदांता अस्पताल से अपने बीमार पिता की देखभाल के बाद घर जा रहे थे। इसी दौरान सेक्टर 50 थाना के अधिकार क्षेत्र में उनकी गाड़ी के साथ एक अन्य गाड़ी चल रही थी। उनकी गाड़ी के साथ कर्नल अनिल यादव की गाड़ी से टकरा गया। कर्नल यादव कार में अकेले थे। जब उनकी कार दायीं लेन में थी, इसी दौरान एक कार लेकर आ रहे कुछ युवक अचानक बायीं तरफ मुड़ गए। कार के ब्रेक भी लगाए, लेकिन कार उनकी कार से टकरा गयी। कर्नल अनिल यादव कार रोककर नीचे उतरे और कार में नुकसान देखा। उन्होंने युवकों को उनकी कार में हुए नुकसान की भरपाई की भी बात कही। कार में सवार युवक बीयर की बोतलें लिए हुए थे। उन्होंने उनके साथ बहस करनी शुरू कर दी। इसी बीच उन्होंने कर्नल अनिल यादव पर हमला बोल दिया। आरोपियों ने उन पर बीयर की बोतलों से हमला किया। साथ ही घूंसों से पीटा। उनकी कार का विंडस्क्रीन व लाइटें तोड़ दी। उनका अपहरण करने का भी प्रयास किया। कर्नल रोहित देव ने यह भी लिखा कि ज्यादा ट्रैफिक व भीड़ के चलते आरोपी वहां से कर्नल यादव से पैसे छीनकर फरार हो गए। घायलावस्था में कर्नल अनिल यादव को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस मामले में सेक्टर-50 पुलिस थाना में जांच अधिकारी नहीं पहुंचे। आरोप है कि पुलिस ने इस मामले में कोई जांच नहीं की। बिना जांच किए ही यह धारणा बना ली कि कर्नल यादव ने ही उन युवकों को पीटा है। कर्नल रोहित देव ने इस घटना की शिकायत प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, मुख्यमंत्री, रक्षा मंत्री, गुरुग्राम पुलिस के आला अधिकारियों से की है। पुलिस ने इस घटना में पांच आरोपियों को काबू किया है, जिनकी पहचान पंकज, विकास, निखिल निवासी रेवाड़ी व साहिल व अंकित कुमार निवासी महेंद्रगढ़ के रूप में हुई है। पंकज, साहिल व अंकित रेवाड़ी में कंपनी में नौकरी करते हैं। विकास व निखिल कालेज में पढ़ते हैं। वे बादशाहपुर में एक शादी समारोह में आए थे।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर