गुरुग्राम: देश की सुरक्षा केवल सैनिकों की जिम्मेदारी नहीं : नायब सिंह सैनी
140 करोड़ भारतीयों का सांझा दायित्व है देश की सुरक्षा
आतंकवाद और नक्सलवाद को जड़मूल से समाप्त करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध
गुरुग्राम के लेजरवेली पार्क में शहीद भगत सिंह की प्रतिमा लगाने की सीएम ने की घोषणा
गुरुग्राम, 22 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार आतंकवाद और नक्सलवाद को जड़मूल से समाप्त करने की दिशा में निरन्तर आगे बढ़ रही है। दंतेवाड़ा जैसी घटनाएं हमें यह याद दिलाती हैं कि यह लड़ाई अभी जारी है, लेकिन हमारे बहादूर जवान हर चुनौती का सामना करने के लिए सदैव तैयार हैं। हरियाणा वीरों की भूमि है, यहां के युवाओं में देश सेवा का जज्बा कूट-कूट कर भरा हुआ है।
मुख्यमंत्री रविवार को गुरुग्राम में होम डेवलपर्स एसोसिएशन द्वारा शहीदी दिवस समारोह में छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में सीआरपीएफ के शहीद जवानों के सम्मान में आयोजित समारोह में बोल रहे थे। इस दौरान शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने लेजरवली पार्क में शहीद भगत सिंह की प्रतिमा लगाने की घोषणा की। उन्होंने सीआरपीएफ जवानों के कल्याण स्वरूप सीआरपीएफ के डीआईजी परम् शिवम को 38.25 लाख रुपये की राशि का चेक प्रदान किया। गुरुग्राम होम डेवलपर्स द्वारा एकत्रित यह धनराशि सीआरपीएफ के शहीद जवानों के परिवार कल्याण में इस्तेमाल की जाएगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि सच्चा देशभक्त वही है, जो राष्ट्र के लिए सर्वस्व न्यौछावर कर दे। उन्होंने संगठन की सेवा करते हुए छत्तीसगढ़ से जुड़े अपने अनुभव सांझा किए और बताया कि वे दंतेवाड़ा की सामाजिक व भौगोलिक परिस्थितियों से वाकिफ हैं। अब पीएम नरेन्द्र मोदी ने संकल्प लिया है कि वहां आतंकवाद अंतिम सांसे गिन रहा है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा केवल सैनिकों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का सांझा दायित्व है। हमें अपने-अपने क्षेत्र में ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करते हुए राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना चाहिए। यही शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। मुख्यमंत्री ने हरियाणा को वीरों की भूमि बताते हुए कहा कि प्रदेश का हर घर देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत है और देश की सेनाओं में हर दसवा जवान हरियाणा से है। आज भी अनगिनत युवा बड़ी सेना व अर्धसैनिक बलों में सेवा दे रहे हैं। उन्होंने कहा महामंडलेश्वर स्वामी धर्मदेव की प्रेरणा से ओतप्रोत यह देश भक्ति कार्यक्रम युवाओं में जोश भरने वाला है। उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार शहीदों के परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है तथा उनके बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर