गुरुग्राम: बिल्डर ने बिजली कनेक्शन काटे तो होगी कड़ी कार्रवाई: नायब सिंह सैनी

 


-मुख्यमंत्री ने ली जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक

-बैठक में 15 में से 13 मामलों का हुआ समाधान

गुरुग्राम, 25 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर की स्वच्छता और सुंदरता के साथ किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य करने वाली सभी एजेंसियां और संबंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि निर्माण एवं विध्वंस (सीएंडडी) अपशिष्ट का वैज्ञानिक एवं निर्धारित स्थानों पर ही निस्तारण हो।

बैठक में 15 परिवाद रखे गए, जिनमें से मुख्यमंत्री ने 13 का मौके पर ही निपटारा किया, जबकि दो मामलों को आगामी बैठक तक लंबित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन लंबित मामलों की स्टेटस रिपोर्ट अगली बैठक में प्रस्तुत करें। मुख्यमंत्री ने बैठक में सीएम विंडो पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि वह स्वयं सीएम विंडो पर आने वाली शिकायतों की नियमित समीक्षा करते हैं, इसलिए सभी अधिकारी प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से, निष्पक्षता और समयबद्ध तरीके से निवारण सुनिश्चित करें।

वजीरपुर एन्क्लेव में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार

बैठक में नगर निगम मानेसर क्षेत्र के वजीरपुर एन्क्लेव से आए आरडब्ल्यूए सदस्यों ने कॉलोनी की विभिन्न जनसमस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। इन शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कॉलोनी की समस्याओं का संयुक्त रूप से सर्वेक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में आवश्यक कार्य पूर्ण करें, ताकि क्षेत्रवासियों को शीघ्र राहत मिल सके।

बिल्डर की मनमानी पर सख्ती

बैठक में सेक्टर-83 से आए आरडब्ल्यूए सदस्यों ने मुख्यमंत्री के समक्ष शिकायत रखी कि संबंधित बिल्डर मेंटेनेंस शुल्क की वसूली के नाम पर उन परिवारों के बिजली कनेक्शन काट रहा है, जिन्होंने मेंटेनेंस चार्ज जमा नहीं कराया है। इस पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी बिल्डर मेंटेनेंस शुल्क की वसूली के लिए किसी आवास का बिजली कनेक्शन काटने जैसी कार्रवाई न करे। उन्होंने कहा कि यदि कोई बिल्डर इस प्रकार की मनमानी करता हुआ पाया गया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर