गुरुग्राम: क्लब में गाली-गलौज व मारपीट में दो आरोपी बाउंसर गिरफ्तार

 

-ब्रिस्टल होटल के वाका-वाका क्लब में हुआ था झगड़ा

गुरुग्राम, 29 नवंबर (हि.स.)। यहां ब्रिस्टल होटल में स्थित वाका-वाका क्लब में गाली-गलौज को लेकर हुई मारपीट के मामले में डीएलएफ फेज-1 थाना पुलिस ने दो आरोपी बाउंसरों को काबू कर लिया है। आरोपियों ने क्लब में आए युवकों के साथ जमकर मारपीट की थी और जान से मारने की धमकी दी थी।

पुलिस के अनुसार एक व्यक्ति ने थाना डीएलएफ फेज-1 में लिखित शिकायत दी थी।

शिकायतकर्ता ने बताया कि 19/20 नवंबर की रात को वह अपने भाई तथा साथियों के साथ ब्रिस्टल होटल के वाका-वाका क्लब में गया था। वहां उसके भाई का हाथ लगने से गिलास नीचे गिर गया। इसी बात को लेकर वहां मौजूद बाउंसरों ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत मिलने पर थाना डीएलएफ फेज-1 पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थाना डीएलएफ फेज-1 की पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 28 नवंबर 2026 को मामले में दो आरोपियों को नियमानुसार शामिल अनुसंधान किया। आरोपियों की पहचान दिगंबर (उम्र-24 वर्ष) निवासी पलवल व आनंद (उम्र-23 वर्ष) निवासी बहरोड़ राजस्थान के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में पता चला कि दोनों आरोपी क्लब में बाउंसर का काम करते हैं। घटना के समय शिकायतकर्ता पक्ष ने शराब पी हुई थी और आरोपियों के साथ गाली-गलौज की। इसके बाद आरोपियों ने मारपीट की वारदात को अंजाम दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर