गुरुग्राम में छठ घाट तालाब में डूबने से छह साल के मासूम की मौत

 


-पिता की हो चुकी है मौत, मां के साथ मामा के घर रहता था

गुरुग्राम, 27 अगस्त (हि.स.)। देवीलाल कॉलोनी स्थित छठ घाट तालाब में डूबने से छह वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान अंकुश के रूप में हुई है। उसके पिता नहीं हैं और वह अपनी मां के साथ मामा के घर रहता था।

बताया जा रहा है कि गुरुवार को अंकुश गली के बच्चों के साथ खेलते-खेलते छठ घाट तालाब की तरफ चला गया। गर्मी के कारण बच्चे तालाब में नहाने लगे। इसी दौरान खेलते-खेलते अंकुश गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथ के बच्चों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग दौड़े। लोगों ने काफी मशक्कत के बाद अंकुश को बाहर निकाला और अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बेटे की मौत के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद कॉलोनी के लोगों में रोष है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इस तालाब को लेकर कई बार पार्षद से लेकर नगर निगम अधिकारियों तक शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते तालाब की सफाई कर बैरिकेडिंग की गई होती तो यह हादसा नहीं होता। लोगों ने चेतावनी दी है कि जल्द ठोस कदम नहीं उठाया गया तो सडक़ पर उतरकर प्रदर्शन किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर