गुरुग्राम: 12वीं मंजिल से गिरने से 12 साल के बच्चे मौत

 


बालकनी में खेलते समय बिगड़ा संतुलन

परिजनों को घटना की भनक तक नहीं लगी

गुरुग्राम, 28 जुलाई (हि.स.)। भोंडसी थाना क्षेत्र स्थित अनमोल सोसाइटी में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां 12वीं मंजिल से गिरकर 12 साल के बच्चे राहुल की मौत हो गई। हादसे के बाद सोसाइटी में शोक की लहर है।

जानकारी के अनुसार अनमोल सोसाइटी में रहने वाले रुद्र शर्मा का 12 साल का बेटा राहुल मंगलवार को घर की बालकनी में अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। खेलते-खेलते अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह 12वीं मंजिल से नीचे गिर गया। घर के अंदर मौजूद परिजनों को इसकी भनक तक नहीं लगी। कुछ देर बाद पड़ोसियों ने बच्चे को नीचे गिरा देखकर परिवार को सूचना दी। परिजन बदहवास होकर मौके पर पहुंचे और तुरंत गंभीर रूप से घायल राहुल को *सोहना के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही भोंडसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में यह हादसा प्रतीत हो रहा है, लेकिन बालकनी की ऊंचाई, रेलिंग और अन्य सुरक्षा मानकों को भी खंगाला जा रहा है।

इस घटना के बाद अनमोल सोसाइटी में मातम का माहौल है। सोसाइटी के अन्य अभिभावकों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है और सोसाइटी प्रशासन से ऊंची मंजिलों की बालकनियों में अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है।

पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सोसाइटी के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर