गुरुग्राम: फार्म हाउस में चल रहा था कैसिनो, 18 गिरफ्तार
-मौके से 1295 कैसिनो चिप्स, ताश के पत्ते और तीन जुआ टेबल बरामद
-मुख्य आयोजक पर पहले से हैं केस
गुरुग्राम, 13 जुलाई (हि.स.)। गुरुग्राम पुलिस की क्राइम ब्रांच सेक्टर-31 ने भोंडसी क्षेत्र के एक फार्महाउस में चल रहे हाईप्रोफाइल अवैध कैसिनो रैकेट का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान मुख्य आयोजक सहित 18 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार फार्महाउस को पूरी तरह कैसिनो की तर्ज पर तैयार किया गया था। मौके से 1,295 कैसिनो चिप्स, 260 ताश के पत्ते और तीन गैंबलिंग टेबल बरामद किए गए हैं। शुरुआती जांच में पता चला कि कैसिनो चिप्स का इस्तेमाल नकदी के विकल्प के रूप में दांव लगाने के लिए किया जा रहा था। एसीपी क्राइम नवीन शर्मा ने सोमवार को बताया कि मुख्य आयोजक महेश उर्फ मैसी है। उसके खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास और मारपीट के दो गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसी ने फार्महाउस किराए पर लेकर पूरे रैकेट का संचालन किया था।
गिरफ्तार अन्य आरोपियों में नरेंद्र, कैलाश, मयंक, सुरेश, सौरव, दर्शन चौधरी, अंकित अदलक्खा, सुनील, मुकुल, दिनेश, विनीत तनेजा, सौरव चुघ, वैभव तायल, विशाल गांधी, विकास, बालगोपाल और कृष्ण तनेजा शामिल हैं। एसीपी ने बताया कि अधिकांश आरोपी पलवल के रहने वाले हैं। फरीदाबाद व आसपास के इलाकों में ठिकाने बदल-बदलकर जुआ रैकेट चलाते थे। बरामद सामान को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब फार्महाउस के मालिक से भी पूछताछ कर रही है कि फार्महाउस किस आधार पर बुक किया गया था। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर