गुरुग्राम: जबरन कार मे बिठा रंगदारी मांगने का एक और आरोपी गिरफ्तार

 

गुरुग्राम, 08 सितंबर (हि.स.)। शहर के राजीव चौक के पास युवक को जबरन कार में बैठाकर मारपीट कर एटीएम से रुपये निकालने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार एक सितंबर 2026 को एक व्यक्ति ने पुलिस चौकी नाहरपुर रूपा थाना सदर में शिकायत दी थी कि 31 अगस्त को चार युवकों ने उसे जबरन स्विफ्ट कार में बैठाकर मारपीट की। साथ ही उसका एटीएम पिन लेकर उसके खाते से 10,000 रुपये निकलवा लिए। इसके बाद उसे सुनसान जगह छोडक़र फरार हो गए। शिकायत पर थाना सदर में केस दर्ज किया गया था। इस मामले में पुलिस ने चार सितंबर को एक आरोपी निखिल (21 वर्ष) निवासी जोड़ाबाबास, झुंझुनू (राजस्थान) को हीरो होंडा चौक के पास से गिरफ्तार किया था। पूछताछ में पता चला कि आरोपियों ने किराए की स्विफ्ट कार से वारदात की थी। फॉलोअप कार्रवाई में पुलिस टीम ने दूसरे आरोपी पवन निवासी जिला दादरी चरखी दादरी को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को सात सितंबर को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर